बरेली: मतों की गणना उलझाऊ, 18 पन्नों की सूची तैयार
अमृत विचार, बरेली। शिक्षक एमएलसी चुनाव में अधिकारियों का पूरा जोर वोटरों की मतगणना सही से कराने पर है। इसमें मतों की गणना बड़ी उलझाऊ तरीके से होती है। विधानसभा, सांसद समेत अन्य चुनावों की मतगणना से हटकर इसके मतों की गणना होती है। इसलिये मंडलायुक्त बार-बार मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिला रहे हैं। रविवार …
अमृत विचार, बरेली। शिक्षक एमएलसी चुनाव में अधिकारियों का पूरा जोर वोटरों की मतगणना सही से कराने पर है। इसमें मतों की गणना बड़ी उलझाऊ तरीके से होती है। विधानसभा, सांसद समेत अन्य चुनावों की मतगणना से हटकर इसके मतों की गणना होती है। इसलिये मंडलायुक्त बार-बार मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिला रहे हैं। रविवार को दो घंटे जिला निर्वाचन कार्यालय में बैठकर मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने 18 पन्नों की सूची तैयार करायी। जिसमें मतों की गणना के संबंध में अलग-अलग बिंदुओं को स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं कार्यालय ने सूची की सौ से अधिक कॉपियां बनवायी हैं। ये कॉपियां मतगणना कार्मिकों को इसलिये बांटी गयी हैं ताकि वह इसे पढ़कर मतों की गणना का कार्य अच्छे से समझ लें। सोमवार को पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक मतगणना कार्मिकों को मतों की गणना कार्य का प्रशिक्षण दोबारा से दिया गया। विधान परिषद की बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर 1 दिसंबर को मतदान प्रक्रिया संपन्न होने पर 3 दिसंबर को संजय कम्युनिटी हाल में मतगणना संपन्न करायी जाएगी।
पिछली बार हुये चुनाव के मुकाबले इस बार मतदाताओं की संख्या भी दोगुनी है लेकिन मतगणना टेबिलों की संख्या में इजाफा होने की बजाय कम हो गयीं। पिछले बार 14 टेबिलें लगायी गयीं थीं। इस बार सात टेबिलें लगायी जाएंगी। कोरोना नियमों का पालन कराने के लिये टेबिल कम लगवाने की बात सामने आयी है। इससे माना जा रहा है कि सुबह 8 बजे से रात तक चलने वाली मतगणना दूसरे दिन भी जारी रहेगी। 3 को शुरू होकर मतगणना 4 दिसंबर दोपहर बाद खत्म होगी। इसके बाद परिणाम घोषित करने की तैयारी होगी। यह स्थिति बनेगी, ऐसा अधिकारी भी कह रहे हैं।
संजय कम्युनिटी हाल के एक बड़े कमरे में बनाया स्ट्रांग रूम
स्ट्रांग रूम संजय कम्युनिटी हाल एक बड़े कमरे में बनाया गया है। पहले कमिश्नरी में बनाने का विचार था लेकिन जगह कम होने की वजह से यहां बनाया गया। 1 दिसंबर को मतदान होने के बाद बरेली समेत नौ जनपदों की मतपेटिकाएं स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। स्ट्रांग रूम के आसपास पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गये हैं।
पीएसी तैनात की जाएगी। जिस कमरे में स्ट्रांग रूम बनाया गया है वहां फर्श पर पेंट से खाने बनाकर उसमें नंबर भी लिखे गये हैं। सोमवार को अपर आयुक्त प्रशासन अरुण कुमार ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन और अपर जिलाधिकारी नगर के साथ स्ट्रांग रूम का मुआयना किया।
