जौनपुर: सड़क दुर्घटना में घायल भाजयुमो के जिला महामंत्री का निधन, जिले में शोक की लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के हुसेनाबाद मोहल्ला निवासी और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री ऋषिकेश श्रीवास्तव 'सैंकी' (35) का आज सोमवार को दुखद निधन हो गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पिछले वर्ष लखनऊ में एक सड़क दुर्घटना के दौरान सैंकी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

परिवार और पार्टी के सहयोगियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया था, वे लंबे समय से उपचाराधीन थे। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन आज सोमवार की सुबह उन्होंने अपने घर पर ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सैंकी की असमय मृत्यु की खबर फैलते ही जिले भर में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं से लेकर राजनीतिक, सामाजिक और युवा वर्ग में उनके निधन की खबर से गहरा दुःख है। वे न सिर्फ एक सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता थे, बल्कि युवाओं में लोकप्रियता के चलते सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते थे।

उनके निधन पर बीजेपी के स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कई नेताओं ने कहा कि सैंकी का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए घर पर रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। 

संबंधित समाचार