गोरखपुर: सगी मां ने ही 10 हजार में कर दिया दो महीने के बेटे का सौदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला से दुधमुंहे बच्चे के गायब होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसकी मां और उसे 10 हजार रुपये में खरीदने वाली महिला तथा बिचौलिए को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने बिचौलिए के माध्यम से खुद अपनी मर्जी से …

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के बेलदारी टोला से दुधमुंहे बच्चे के गायब होने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया। पुलिस ने बच्चे को बरामद कर उसकी मां और उसे 10 हजार रुपये में खरीदने वाली महिला तथा बिचौलिए को गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने बिचौलिए के माध्यम से खुद अपनी मर्जी से बेटे को बेच दिया था।

गीडा थानाक्षेत्र के नौसढ़ बेलदारी टोले में रहने वाले जयसिंह के घर 28 नवम्बर की भोर में कोहराम मच गया। जयसिंह और उनकी पत्नी शिमला देवी दहाड़े मारकर रो रही थी। उनके रोने की आवाज सुनकर आस-पास के लोगों की नींद खुल गई। कुछ ही देर में जयसिंह के दरवाजे पर भारी भीड़ जुट गई। दम्पति का कहना था कि उनका मासूम बेटा लापता हो गया है।

सूचना पुलिस तक पहुंची तो थानेदार सुनील राय दल-बल के साथ पहुंच गए और उन्होंने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। थानेदार ने जय सिंह के पड़ोस के ही एक मकान में लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी तो उनके होश उड़ गए। जय सिंह की पत्नी शिमला एक अन्य महिला के पीछे-पीछे जाती दिखी। पुलिस ने मासूम की मां शिमला देवी को हिरासत में ले लिया और सख्ती से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गई और पूरा मामला खुल गया।

शिमला ने स्वीकार लिया कि उसने शंभु सिंह के कहने पर 10 हजार रुपये में बच्चे को एक महिला को बेच दिया है। शिमला के बताने पर पुलिस ने गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सूर्य बिहार कालोनी निवासी शंभू सिंह को हिरासत में ले लिया। शंभु सिंह ने बताया कि बच्चा देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र स्थित विशुनपुर कला निवासी रम्भा देवी पत्नी नौमी प्रसाद के पास है। रम्भा देवी बच्चे को लेकर शाम 4 बजे जिला अस्पताल पर पहुंच रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को बरामद कर लिया और रम्भा को भी हिरासत में ले लिया। 

प्रभारी निरीक्षक गीडा सुनील कुमार राय ने बताया कि शिमला ने ही पालन-पोषण करने में असमर्थ होने के कारण बच्चे को दूसरी महिला को दे दिया था। बदले में उसने रम्भा से 10 हजार रुपये लिए थे।

संबंधित समाचार