बरेली: घर चलने से मना किया तो कर दी पत्नी की हत्या
बरेली,अमृत विचार। बारादरी के गंगापुर चौराहा के सामने गली में निशा की लाश मिली थी। पुलिस ने निशा के हत्यारोपी पति लखन को गिरफ्तार कर लिया है। लखन ने पूछताछ में बताया कि वह शादी समारोह से पत्नी को बात करने के लिए बुलाकर ले आया था और उसे घर चलने के लिए कहा। इस …
बरेली,अमृत विचार। बारादरी के गंगापुर चौराहा के सामने गली में निशा की लाश मिली थी। पुलिस ने निशा के हत्यारोपी पति लखन को गिरफ्तार कर लिया है। लखन ने पूछताछ में बताया कि वह शादी समारोह से पत्नी को बात करने के लिए बुलाकर ले आया था और उसे घर चलने के लिए कहा। इस बात पर उसका झगड़ा हो गया तो उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस उसे बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजेगी। पुलिस ने इस मामले में निशा की मां लक्ष्मी की तहरीर पर पति लखन, देवर नीरज, देवर सागर, सास गोरी और ननद शालू के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, बिथरी चैनपुर में तीन दिन पहले मिले महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।
बता दें कि धोबी चौराहा, प्रेमनगर निवासी निशा की शादी तीन साल पहले गंगापुर निवासी लखन से हुई थी। लखन शादी के बाद से ही निशा को प्रताड़ित करने लगा तो वह एक महीने से अपने मायके में रहने लगी थी। सोमवार को वह अपनी मां लक्ष्मी और छोटी बहन सुहानी के साथ माधोबाड़ी में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। यहां रात में उसका पति लखन पहुंचा और उसे बात करने के लिए बुलाकर ले गया। इसके बाद वह उसे गली में ले आया। रास्ते में उसने घर चलने के लिए कहा तो निशा ने मना कर दिया। इस पर निशा से उसका झगड़ा हो गया।
झगड़े के दौरान निशा के नाखून उसके लग गए तो उसे गुस्सा आ गया और उसने निशा का गला दबा दिया। गला दबाने पर निशा बेहोश हो गई तो उसने उसे हिलाकर देखा लेकिन जब वह नहीं उठी तो वह मौके से भाग गया। उसने पुलिस को बताया कि वह निशा को मारना नहीं चाहता था लेकिन गुस्से में उसने मार दिया। बारादरी थाना प्रभारी शितांशु शर्मा ने बताया कि लखन से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे बुधवार को जेल भेजा जाएगा।
“महिला के पति व अन्य के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी पति लखन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।” -श्वेता कुमारी, सीओ सिटी तृतीय
