अमरोहा: आंधी के साथ हुई बारिश ने गर्मी से दी राहत...मगर बिजली आपूर्ति ठप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को हल्की बूंदाबांदी ने राहत दी है। बुधवार रात में आई आंधी और बारिश से थोड़ा मौसम खुशनुमा हो गया।

बीते कई दिनों से लोग भीषण गर्मी से परेशान थे। अमरोहा जिले का तापमान 40 डिग्री से उपर तक पहुंच गया। बुधवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज कुछ बदल गया। तेज आंधी व हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आ गई। जिसके चलते लोगों ने कुछ राहत महसूस की। लेकिन तापमान में गिरावट के साथ अभी हालांकि उमस का असर बना हुआ है।

गजरौला में बुधवार की शाम अचानक मौसम ने करवट बदली। आसमान में घने बादल छा गए। तेज हवा के साथ बारिश हुई। ठंडी हवाओं और बादलों की छांव ने मौसम खुशनुमा बना दिया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार की शाम का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम में आए बदलाव से किसानों को बारिश की उम्मीद जगी है।बहरहाल बारिश से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। जगह-जगह लाइन में फाल्ट की समस्या खड़ी हो गई तो कई जगह लाइनों पर पेड़ टूटकर गिर गए। इसके चलते शहर सहित जिलेभर के सैकड़ों गांव की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर व देहात क्षेत्रों सहित अन्य क्षेत्रों में भी रात भर बिजली गुल रही।

संबंधित समाचार