बाराबंकी : 288 फ्लैट्स का निर्माण 90 फीसदी पूरा, डीएम ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

DM inspected the PM Housing Scheme : जगनेहटा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्माणाधीन बहुमंजिला आवासों का जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने गुरुवार को निरीक्षण किया। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद इस स्थान पर 6 टॉवर बना रहा है। इनमें कुल 288 एक-बेडरूम फ्लैट्स होंगे। यह परियोजना अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप के तहत चल रही है। शासन ने इसके लिए 16.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। निर्माण कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। अब फिनिशिंग, सीवर-ड्रेनेज, बिजली कनेक्शन और सौंदर्यीकरण के काम शेष हैं। प्रत्येक फ्लैट की कुल लागत लगभग 6 लाख रुपये है।

इसमें केंद्र सरकार 1.50 लाख और राज्य सरकार 1 लाख रुपये की सब्सिडी दे रही है। लाभार्थियों को केवल 3.50 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। हर फ्लैट में शौचालय, रसोईघर, बिजली और पानी की सुविधा होगी। परिसर में सड़क, नाली और सामुदायिक स्थल बनाए जा रहे हैं। साथ ही पेयजल टंकी, हरित क्षेत्र और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है। यह आवास गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के शहरी नागरिकों के लिए बनाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरानडीएम शशांक त्रिपाठी ने सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्यों को मानक के अनुरूप शीघ्र पूर्ण किया जाये। जिससे लाभार्थियों को जल्द योजना का लाभ दिया जा सके।

सीसीयू निर्माण की धीमी गति पर डीएम नाराज
जिला चिकित्सालय में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का भी जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है। उन्होंने इस पर नाराजगी व्यक्त की। कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड को निर्देश दिए गए कि वह काम में तेजी लाए और इसे जल्द पूरा करे। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश यादव, जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद पाल सिंह और हॉस्पिटल मैनेजर राजकुमार वर्मा भी मौजूद थे।

डीएम ने चारा-पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानी स्थिति
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने गुरुवार को निबलेट फॉर्म में बृहद गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि यहां 130 नर और 412 मादा पशु संरक्षित हैं। जिलाधिकारी ने गायों की देखभाल और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाए। साथ ही चारे, पानी और आवास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीएम ने गो आश्रय परिसर में पौधरोपण करने के भी निर्देश दिए। इससे परिसर में हरियाली बढ़ेगी और पशुओं को बेहतर वातावरण मिलेगा।

जल जीवन मिशन में 743 घरों को मिला कनेक्शन
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्लई गांव में जल जीवन मिशन की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि अब तक 743 परिवारों को पानी का कनेक्शन दिया जा चुका है। जिलाधिकारी ने पानी की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने पाया कि पानी पीने योग्य है। गांव में पानी की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर में पानी पहुंचाने के काम में तेजी लाई जाए। इस दौरान विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- Dahej Pratha : दो महिलाओं ने दर्ज कराई दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी, ससुराल पक्ष पर लगाया बच्चा छीनने का आरोप

संबंधित समाचार