Dahej Pratha : दो महिलाओं ने दर्ज कराई दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी, ससुराल पक्ष पर लगाया बच्चा छीनने का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

FIR for dowry harassment: दहेज उत्पीड़न के दो अलग-अलग मामलों में महिलाओं ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों ही मामलों में पीड़िताओं ने पुलिस अधीक्षक एवं स्थानीय थानों में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पहले मामले में असन्द्रा कोतवाली क्षेत्र की निवासी रागिनी शुक्ला पत्नी विवेक शुक्ला ने तहरीर में बताया कि उनका विवाह 9 फरवरी 2022 को हिन्दू रीति रिवाज से ग्राम तिवारी का पुरवा मजरे मेहौरा थाना रामसनेहीघाट निवासी विवेक शुक्ला से हुआ था। विवाह में करीब 22 लाख रुपये खर्च हुए थे, जिसमें गाड़ी और अन्य उपहार भी शामिल थे। विवाह के बाद से ही पति, सास, ससुर, जेठ और ननद द्वारा दहेज के रूप में 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। 23 अप्रैल को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। 18 मई को विपक्षी मायके आकर मारपीट करने लगे और गले की सोने की चेन भी छीन ली। जाते-जाते धमकी दी कि  दहेज नहीं मिला तो उनका पुत्र दूसरी शादी कर लेगा और झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।

दूसरे मामले में थाना कोठी क्षेत्र की निवासी रोहिनी पाठक पत्नी शिवम् मिश्रा ने बताया कि उसकी शादी 29 फरवरी 2024 को शिवम् मिश्र से हुई थी। विवाह में पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया। कुछ माह बाद पति व उसके परिजनों द्वारा चार पहिया गाड़ी के लिए 5 लाख रुपये की मांग की जाने लगी। मना करने पर उसको शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। 14 मई को आरोपियों ने उसे जलाने की योजना बनाई थी। जब उसके पिता व भाई उसे बचाने पहुंचे तो उन्हें भी बुरी तरह पीटा गया। बच्ची को जबरन छीन लिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें:- देवा सीएचसी में मरीजों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं : रोजाना 300 पेशेंट का इलाज, 24 घंटे इमरजेंसी सेवा के अलावा हो रही जरूरी मेडिकल टेस्ट

संबंधित समाचार