Death of pesticide trader: हथगोलों के हमले में घायल कीटनाशक व्यापारी की मौत के बाद परिजनों का प्रदर्शन
परिजनों ने व्यापारी का सड़क पर शव रख कर आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
Pesticide trader killed by throwing grenade: बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गांव गोड़ा में दबंगों ने एक कीटनाशक व्यापारी शैलेंद्र मौर्य (26) पर हथगोला फेंक कर उसकी हत्या कर दी थी। कीटनाशक व्यापारी की मौत के बाद गांव में काफी बवाल और तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा था। वहीं पोस्टमार्टम के बाद वापस गांव पहुंचने पर परिजनों ने एक बार फिर शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। परिजनों की मांग है कि आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें तबाह किया जाए। मौके पर कई थानों की पुलिस परिजनों को मृतक का अंतिम संस्कार कराने के लिये समझाबुझा रही है। पुलिस ने मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की भी जल्द गिरफ्तारी करने के दावे कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मृतक शैलेंद्र मौर्य के चाचा नरेंद्र मौर्य के लड़के ललित मौर्य (22) का विपक्षियों के घर की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों दोनों लड़का लड़की घर से भाग भी गए थे। लड़की पक्ष वालों ने पुलिस में तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया था। विपक्षी लगातार शैलेन्द्र मौर्या को धमकियां दे रहे थे। वहीं शैलेंद्र मौर्य सिर्फ दोनों पक्षों में समझौता करने की बात कर रहा था। इसीलिए दबंगों ने कल शाम करीब साढ़े सात बजे उसकी दुकान पर हथगोले से हमला कर दिया। जिसमें शैलेन्द्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचीं। मौके पर एसपी, फतेहपुर सीओ समेत तमाम आलाधिकारी भी पहुंचे। परिवार ने गुड्डू सिंह, मेघा इंद्रजीत, बघेल, मुन्ना, राहुल और दीपक पर हाथ गोला चलाने का आरोप लगाया। वहीं मृतक के परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेजने से इनकार करते रहे। देर रात किसी तरह पुलिस ने शव को पोस्टमार्चम के लिये भिजवाया। परिजनों के अनुसार 7 दिन पहले इन लोगों ने शैलेंद्र को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। परिजन शव को सड़क पर रखकर आरोपियों के घर बुलडोजर चलवाकर तबाह किये जाने मांग कर रहे हैं। परिजनों का कहना कि हमने अपना बेटा और भाई खोया है। दुधमुही बच्ची के पिता का साया उसके सिर से उठ गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस आरोपियों की मदद कर रही है। वहीं बाराबंकी के एएसपी नॉर्थ विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि युवक पर हमला कर हत्या मामले में अभियोग पंजीकृत कर 8 अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली गई है। बाकी लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें:- IPL 2025 - GT vs CSK: डेवोन कॉनवे और डेवाल्ड ब्रेविस ने लगाया अर्धशतक, गुजरात को दिया 231 रनों का लक्ष्य
