अमृत विचार आपके द्वार: त्रिवेणी नगर में गंदा और बदबूदार पानी कर रहा लोगों को बीमार, देखें Video
लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम के त्रिवेणी नगर प्रथम वार्ड में डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास पतौरागंज में गंदे और बदबूदार पानी की आपूर्ति से क्षेत्रीय निवासी परेशान हैं। सर्दी हो या गर्मी वाटर लाइन से हमेशा गंदा पानी घरों में आता है। यहां रह रहे सैकड़ों परिवार गंदा पानी पीकर बीमार हो रहे हैं। इसके अलावा उनके पास शुद्ध पेयजल के लिए कोई और विकल्प नहीं है। दरअसल जर्जर पाइप लाइन सीवर के गंदे पानी और नालियों के बीच बह रही गंदगी से गुजर रही है। इससे लोगों के घरों में गंदा पानी आता है। क्षेत्रीय पार्षद से लेकर नगर निगम और जलकल विभाग से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिम्मेदार अधिकारियों को शायद बीमारी फैलने का इंतजार है। एक सबमर्सिबल बोरिंग वाली पानी की टंकी आबादी के हिसाब से नाकाफी है। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। सड़क पर लगे कूड़े के ढेर हफ्तों नहीं उठते। नालियां गंदगी से चोक हैं। निवासियों के बार-बार कहने के बाद भी सफाईकर्मी कभी नालियों की सफाई करने नहीं आते। केवल झाड़ू लगा चलते बनते हैं। त्रिवेणीनगर में जब अमृत विचार आपके द्वार की टीम पहुंची तो गंदे पानी को लेकर लोगों की सबसे ज्यादा शिकायत थी।
खाली प्लॉट बने कूड़ाघर, बदबू से रहना मुश्किल
त्रिवेणी नगर में एक भी कूड़ा घर है न ही डस्टबिन। लोगों ने क्षेत्र में खाली पड़े भूखंडों को कूड़ा घर बना दिया है। क्षेत्रीय निवासियों से लेकर नगर निगम कर्मचारी भी कूड़ा खाली प्लॉट में डाल आग लगा देते हैं। पतौरागंज इलाके में घनी आबादी के बीच ही खाली प्लॉट में गंदगी का अंबार लगा है। बदबू से लोगों का रहना मुश्किल है। खाली भूखंड के सामने रहने वाले लोग जब इसका विरोध करते हैं तो लड़ाई पर आमादा हो जाते हैं। नगर निगम से शिकायत पर सफाई कर्मचारी यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि यह हमारी जिम्मेदारी नहीं है।
जगह-जगह नालियां बंद, जलभराव तो होगा ही
बारिश से पहले जलभराव से राहत के लिए शहर में नालियों की सफाई का अभियान चल रहा है वहीं त्रिवेणी नगर क्षेत्र के पतौरागंज में जगह-जगह नालियां बंद हैं। नालियां गंदगी और सिल्ट से पटी हैं। ऐसे में बारिश के दौरान जलभराव तो होगा ही। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि बार-बार कहने के बाद भी नालियों की सफाई कभी नहीं होती। नालियों में कूड़ा जमा है, इससे जलनिकासी नहीं हो पा रही है। यदि नालियों की सफाई नहीं हुई तो जलभराव होना निश्चित है।
नालियों की सफाई के बाद नहीं उठाते सिल्ट
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नालियों की सफाई के साथ ही तत्काल सिल्ट उठाने के नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी त्रिवेणी नगर क्षेत्र में नालियों की सिल्ट हफ्तों से पड़ी है। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम कर्मचारी कभी-कभी नालियों की सफाई कराते भी हैं तो सिल्ट नहीं उठाते। हफ्तों तक सिल्ट सड़क पर ही पड़ी रहती है। इससे गंदगी फिर नालियों में बह जाती है।
सीवर लाइन चोक, सड़क पर बहता है गंदा पानी
त्रिवेणी नगर में सीवर लाइन चोक हैं। सड़क पर सीवर का गंदा पानी बहता है। बंसल किचेन हाउस के पास ही सड़क पर ही सीवर लाइन का पानी सड़क पर बह रहा है। बदबू से आस-पास के दुकानदार और निवासी परेशान हैं। जलकल विभाग की ओर से सीवर लाइन की सफाई तक नहीं की जाती है। यह हाल पूरे पतौरागंज इलाके का है।
रविवार को छुट्टी मनाते हैं सफाईकर्मी, झाड़ू तक नहीं लगाने आते
रविवार को नगर निगम के सफाईकर्मियों के साथ सफाई की भी छुट्टी रहती है। इससे सड़क और गलियों में झाड़ू लगती है न कूड़ता उठता है। सबसे बड़ी बात यह है कि क्षेत्र में एक भी पड़ावघर नहीं है, इससे लोग गलियों में ही जगह-जगह कूड़ा डाल देते हैं। नगर निगम की डोर-टू-डोर कलेक्शन करने वाली गाड़ियां भी कभी-कभार ही घरों से कूड़ा लेने आती हैं।
सफाई व्यवस्था बदहाल, हफ्तों नहीं उठता कूड़ा
क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल है। कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहता है। हफ्तों तक नगर निगम कूड़ा नहीं उठाता है। इससे लोग दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर हैं। बंसल किचेन हाउस सड़क पर ही कूड़ा डाल देता है। इससे क्षेत्र में गंदगी बनी रहती है।
बड़े पम्प की बोरिंग का काम चल रहा है। अगले महीने से यह चालू हो जाएगा। इससे पतौरागंज क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या खत्म हो जाएगी। संसाधनों की कमी है। कूड़ा उठाने के लिए रोबोट से लेकर जेसीबी भी नहीं हैं। नालियों की सफाई के लिए नगर निगम से कर्मचारी मिलने का इंतजार है। अभी बड़े नालों की सफाई चल रही है। इसके बाद नालियों की सफाई के लिए अभियान चलाया जाएगा।
देव शर्मा मिश्रा (मुन्ना मिश्रा), पार्षद त्रिवेणी नगर वार्ड
वार्ड में खाली भूखंडों पर कूड़े की सफाई की जाएगी। इसके अलावा भूखंड स्वामी को नोटिस जारी करके बाउंड्री कराने के लिए निर्देशित किया जाएगा। सोमवार को ही टीम भेजकर खाली प्लॉट पर सफाई कराई जाएगी और नालियों की सफाई के लिए अभियान चलाया जाएगा।
जितेंद्र गांधी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर, लखनऊ नगर निगम
अमृत विचार आपके द्वार टीम- गोपाल सिंह, नीरज अभिषेक, छायाकार- राजकुमार वाजपेयी
रिपोर्टर- मुस्कान दीक्षित
यह भी पढ़ेः Israel के हमले से Gaza में छाया मातम, 34 लोगों ने गंवाई अपनी जान, मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 3,785
