शाहजहांपुर: घर में लगाई आग से घरेलू सामान जला, दो सगे भाइयों पर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

खुटार, अमृत विचार। मजदूरी करने गई महिला के छप्परदार घर में लग गई, जिससे घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने महिला से घटना के बारे में जानकारी की। बाद में महिला ने थाने पहुंच कर दोनों सगे भाइयों पर घर में आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पीड़िता ने आग से हुए नुकसान की भरपाई और रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई है।
 
गांव सरायं निवासी अनिल की पत्नी जशोदा देवी ने पुलिस को बताया कि उसका घर छप्परदार है। वह अपने परिवार के साथ गांव पुनौती के त्रिलोकपुर फार्म पर मजदूरी करती है। वह परिवार सहित रात में भी वहीं ठहरती है। आरोप लगाया कि रविवार रात करीब नौ बजे गांव सरायं के रहने वाले दो सगे भाइयों ने उसकी गैर मौजूदगी में छप्परदार घर में आग लगा दी। इससे आग से तेज लपटें उठने लगीं। वह उस समय घर पर मौजूद नहीं थी। गांव के लोगों ने आग लगी देखी तो पानी, मिट्टी, पेड़ की टहनियों से आग बुझाने का प्रयास करते रहे लेकिन आग की चपेट में घर में रखा गेंहू, चावल, बिस्तर सहित अन्य घरेलू सामान जल गया। 

गांव के लोगों के जरिये सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ घर पहुंची। जहां सारी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ित जशोदा देवी ने सूचना यूपी 112  डायल पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जशोदा देवी से घटना से संबंधित जानकारी जुटाई और जांच पड़ताल की। जशोदा देवी ने बताया कि गांव के लोगों ने दो सगे भाइयों को घर में आग लगाते देखा था। 

आग लगाने के बाद मौके से खिसक गए। पुलिस ने आग लगाने वाले दोनों भाइयों की तलाश की लेकिन आरोपी नहीं मिले, जिस पर पुलिस लौट गई। सोमवार को जशोदा देवी थाने पहुंची और सगे भाइयों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराने और नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर पीड़ित जशोदा देवी को घर भेज दिया।

संबंधित समाचार