कासगंज: घर के कमरे में महिला का शव लटकता मिला...हत्या का लगा आरोप
कासगंज, अमृत विचार। शहर के लवकुश नगर में गुरुवार की सुबह घर के एक कमरे में 23 वर्षीय महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले में जांच पड़ताल कर रही है।
सिढपुरा थाना क्षेत्र के नगला मेहरजी निवासी बृजेश ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रीता की शादी 28 जनवरी 2024 को शहर के लवकुशनगर निवासी भूपेंद्र के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। शादीमें दिए गए दान दहेज से रीता के ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। अतिरिक्त दहेज का दबाव बनाते थे। उसके साथ मारपीट करते थे। रीता के पास एक सात माह का बच्चा भी है।
रीता के ससुरालीजनों ने बच्चे को अलग कमरे में सुलाकर उसकी हत्या कर दी और उसको आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे पर लटका दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर लोकेश भाटी ने बताया महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मायके पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
