बरेली: ऑपरेशन मुक्ति के तहत आंवला में दूसरी रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/आंवला, अमृत विचार। ऑपरेशन मुक्ति के तहत जिले में दूसरी रिपोर्ट आंवला थाना में दर्ज की गई है। यहां पीड़ित ने सूदखोर पर ब्याज सहित रुपये लौटाने के बावजूद अधिक रकम की मांग करने का आरोप लगाया है। साथ ही मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की भी बात कही है। वहीं, बारादरी …

बरेली/आंवला, अमृत विचार। ऑपरेशन मुक्ति के तहत जिले में दूसरी रिपोर्ट आंवला थाना में दर्ज की गई है। यहां पीड़ित ने सूदखोर पर ब्याज सहित रुपये लौटाने के बावजूद अधिक रकम की मांग करने का आरोप लगाया है। साथ ही मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने की भी बात कही है।

वहीं, बारादरी में दो दिन पहले दर्ज पहली एफआईआर के मामले में सूदखोर ने पीड़ित महिला के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। महिला ने डीआईजी से मामले की शिकायत की। इस पर डीआईजी ने नोडल अफसर उपाधीक्षक प्रशांत कुमार को बुलाकर महिला की समस्या सुनकर रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया।

आंवला के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी राजेश उर्फ राजू खंडेलवाल ने पुलिस से शिकायत की है कि उन्होंने 10 नवंबर 2016 को अमित उर्फ सोनू मित्तल से एक लाख रुपये बतौर उधार तीन फीसदी मासिक ब्याज दर पर लिए थे। उसके बदले ब्याज की वसूली 9000 का चेक 13 नवंबर 2017 को दिया। अमित ने रकम लेने के बाद चेक वापस कर दिया। उसके बाद 21 दिसंबर 2018 को और दूसरा चेक 30 जनवरी 2019 को लिया। जिसमें पहला 90,800 और दूसरा चेक 90,000 का था। उनकी रकम वसूली के बाद दोनों चेक वापस कर दिए।

इसके बाद अमित ने एक लाख रुपये बीच में थोड़े-थोड़े करके लिए एवं एक लाख रुपये जनवरी 2020 को दिए। उसने मार्च 2020 में 30 हजार रुपये अपने घर के जेवर आदि बेचकर अदा किये। इसके बाद भी 35000 बकाया रह गया जो कि उसने 1,85,000 रुपये का बिल बना कर दिया था। उक्त रकम का 1,65,000 रुपये में समझौता करवा दिया था। समझौते के अनुसार, एक लाख 30 हजार रुपये का भुगतान होने के बाद भी 35000 रुपये बकाया रह गए।

जब अमित 35000 रुपये लेने एक माह बाद उसके पास आया तो उसने एक लाख 66 हजार रुपये का बिल बनाकर दे दिया। साथ ही भुगतान न करने पर उसे व परिवार को घर में घुसकर मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने बताया कि आरोपी पहले भी घर में घुसकर उसके व परिवार के साथ मारपीट कर चुका है। फोन पर गंदी-गंदी गालियां देता है और जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने अमित उर्फ सोनू मित्तल पुत्र जितेंद्र मित्तल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

रिपोर्ट दर्ज होने पर सूदखोर बना रहा समझौते का दबाव
ऑपरेशन मुक्ति के तहत पहली रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज बारादरी के सूदखोर सोमपाल पटेल ने पीड़िता नीलम पांडेय के घर मे घुसकर हमला कर दिया। उसने रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। जब नीलम ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। ये आरोप पीड़ित नीलम पांडेय ने लगाए हैं।

नीलम बुधवार दोपहर डीआईजी के समक्ष पेश हुईं। इसके बाद डीआईजी ने नोडल अफसर ट्रेनी सीओ हेमंत कुमार को ऑफिस बुलाया। उन्होंने नीलम की समस्या सुनी। जल्द ही इस मामले में सूदखोर के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप में एक और रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं, पुलिस की जांच में सामने आया है कि सोमपाल पटेल ने कई लोगों को इसी तरह से रुपये दे रखे हैं और वे उन लोगों पर भी दबाव बनाता है। पुलिस ऐसे लोगों को तलाश रही है जिसे सोमपाल ने परेशान किया है।

बता दें कि कुसुम नगर निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका नीलम पांडेय ने पड़ोस में रहने वाले सोमपाल व उनकी पत्नी गायत्री से ब्याज रुपए लिए थे। उन्होंने ब्याज सहित 1,85,000 रुपये वापस कर दिया। इसके बावजूद सूदखोर ने चेक नहीं दिया और अधिक रुपये की मांग की। वह चेक वापस करने के लिए तीन लाख रुपये और मांग रहा था। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की थी जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

“ऑपरेशन मुक्ति के तहत शिकायतों की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। बरेली में दो और बदायूं में भी एक रिपोर्ट दर्ज की गई है। बारादरी में महिला से मारपीट के मामले में सूदखोर के खिलाफ दूसरी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।” -राजेश पाण्डेय, डीआईजी

संबंधित समाचार