बदायूं : खाना बनाते समय झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत
ग्रामीणों के अनुसार महिला ने डीजल डालकर लगा ली थी आग
बदायूं, अमृत विचार। आग से झुलसी महिला की इलाज के दौरान राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार महिला रविवार सुबह घर पर खाना बनाते समय झुलस गई थी। महिला को भर्ती कराया गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों के अनुसार महिला ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगाई थी। हालांकि परिजन और पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। किसी पर आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है।
मामला कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव रामजीत का नगला का है। परिजनों के अनुसार गांव निवासी प्रीतम की पत्नी गुड्डी रविवार सुबह लगभग आठ बजे घर पर खाना बना रही थीं। गैस लीक होने की वजह से आग लगी और गुड्डी झुलस गई थी। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां महिला के पति प्रीतम ने बताया कि उनकी ससुराल गांव गुधनी में है। ससुरालीजनों ने मक्का निकालने वाली मशीन खरीदी थी। जिसके चलते वह शनिवार को ससुराल गए थे। रात को वहीं रुक गए। घर पर उनकी पत्नी आग से झुलस गई थीं। वहीं ग्रामीणों के अनुसार महिला ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली थी। आग की लपटों के साथ वह घर के बाहर निकल आई थीं। मोहल्ले के लोगों ने जैसे-तैसे काबू पाया लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं और इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
ये भी पढ़ें - बदायूं : बहला फुसलाकर ले जाकर दुष्कर्म करने के दोषी को 10 साल का कारावास
