Bareilly: वन संरक्षण में देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य बना यूपी-वन मंत्री
बरेली सहित प्रदेश के कई जनपदों में चल रहीं वनावरण बढ़ाने की योजनाएं
बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मंत्री डाॅ अरुण कुमार सक्सेना ने बताया कि भारतीय वन सर्वेक्षण देहरादून की रिपोर्ट जारी हुई है। इसके अनुसार प्रदेश का वनावरण और पौधरोपण 23437.53 वर्ग किमी (9.73 प्रतिशत) से बढ़कर 23996.72 वर्ग किमी (9.96 प्रतिशत) हो गया है। वनावरण का दायरा 559.19 वर्ग किमी बढ़ने से उत्तर प्रदेश वन संरक्षण के क्षेत्र में पूरे देश में दूसरे स्थान पर आ गया।
उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र विकसित करने के लिए सरकार पूरा प्रयास कर रही है। इसके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। दुधवा टाइगर रिजर्व और दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में इको पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए 25 नवम्बर 2024 को लखनऊ से पलिया तक हवाई सेवा का शुभारंभ किया गया है। गोरखपुर के कैम्पियरगंज में एशिया के प्रथम नवनिर्मित जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। यहां पर जटायु और राजगिद्ध के संरक्षण व संवर्धन केंद्र में 6 राजगिद्धों (नर एवं मादा) को लाया जा चुका है। ब्रीडिंग एवरी, होल्डिंग एवरी, हॉस्पिटल एवरी, नर्सरी एवरी, वेटनरी सेक्शन, प्रशासनिक भवन, रिकवरी एवरी, गार्डरूम, जेनरेटर रूम एवं पाथवे का निर्माण किया गया है। वहीं पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ-पर्यावरण बचाओ जन अभियान, 2024 के तहत 20 जुलाई, 2024 को वन एवं वन्य जीव विभाग सहित 26 राजकीय विभागों की सहभागिता से निर्धारित लक्ष्य 36.50 करोड़ पौधरोपण के सापेक्ष प्रदेश में 36.51 करोड़ पौध रोपित किए हैं।
वन मंत्री ने बताया कि वेटलैंड संरक्षण के तहत 223 महत्वपूर्ण वेटलैंड्स के जलागम क्षेत्र में वेटलैंड संरक्षण वन, प्रदेश में घोषित 948 विरासत वृक्षों से रोपण सामग्री प्राप्त कर प्रदेश के 11 जनपद, जिसमें गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, बरेली, मथुरा, सीतापुर, चित्रकूट एवं मिर्जापुर में विरासत वृक्ष वाटिका स्थापित की गई है, जबकि रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुरखीरी आदि जनपदों में मित्र वन स्थापित किये हैं। पौधरोपण के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया है। इस प्रकार निजी वृक्षों के लिए कार्बन क्रेडिट का भुगतान करने वाला उत्तर प्रदेश देश का प्रथम राज्य बन गया।
