मुरादाबाद: बिजली का तार टूटकर गिरा, करंट लगने से छात्र की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/मूंढापांडे/अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा आठ के छात्र की मौत हो गई। हादसे के वक्त पढ़ाई के लिए छात्र स्कूल जा रहा था। छात्र को छटपटाते देख मौके पर हड़कंप मच गया। किसी तरह करंट की चपेट से छुड़ाने के बाद ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए। …

मुरादाबाद/मूंढापांडे/अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा आठ के छात्र की मौत हो गई। हादसे के वक्त पढ़ाई के लिए छात्र स्कूल जा रहा था। छात्र को छटपटाते देख मौके पर हड़कंप मच गया। किसी तरह करंट की चपेट से छुड़ाने के बाद ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश हैं। उनका कहना है कि आए दिन टूटने वाले तार हादसों को दावत दे रहे हैं। कई दफा शिकायत करने के बाद भी बिजली अफसर सुध नहीं ले रहे हैं।

हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम हसनगंज का है। गांव निवासी श्रीपाल खेती-किसानी करते हैं। उनका 14 साल का बेटा अरविंद गांव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। बताते हैं कि लाकडाउन के कारण स्कूल बंद चल रहे हैं। कुछ दिनों पहले स्कूल खुला तो कुछ बच्चे जाने लगे। गुरुवार की सुबह करीब आठ बजे अरविंद भी घर से यह कहकर निकला कि वह शिक्षक को देखने के लिए स्कूल जा रहा है।

बताते हैं कि स्कूल के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे पड़ा था। अचानक अरविंद का पैर उस तार से छू गया तो करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त कुछ अन्य बच्चे भी स्कूल के बाहर मौजूद थे। उन्होंने अरविंद का छटपटाते देखा तो शोर मचाया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने किसी तरह अरविंद को तार से छुड़ाया और उसे लेकर घर की ओर भागे। वहां से परिजन उसे एक निजी डाक्टर के यहां पर लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं हादसे की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने बिजली अफसरों पर अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने हंगामा करते हुए कहा कि आए दिन टूटने वाले तार कई बार हादसे की वजह बन चुके हैं। शिकायत करने के बाद भी बिजली अफसर कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

संबंधित समाचार