संभल : अतिक्रमण की जद में आई मस्जिद के बड़े हिस्से को किया ध्वस्त

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मंदिर का हिस्सा भी तोड़ा, हयातनगर में दोनों धर्मस्थल आ रहे थे अतिक्रमण की जद में

संभल, अमृत विचार: संभल-बहजोई मार्ग पर हयातनगर थाने से आगे लोक निर्माण विभाग की सड़क पर बने धर्मस्थलों को तोड़ने की कार्रवाई हुई। मस्जिद के बड़े हिस्से को जेसीबी ने ध्वस्त किया वहीं मंदिर के कुछ हिस्से को भी तोड़ा गया। एहतियातन अधिकारियों के साथ ही पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रशासन ने पिछले महीने हयातनगर थाने से आगे प्राचीन धर्मकूप मंदिर और उसके सामने मस्जिद को लेकर पैमाइश की थी। देखा गया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क में दोनों धर्मस्थलों का कितना हिस्सा आ रहा है। अतिक्रमण चिह्नित कर लिए जाने के बाद कार्रवाई की बात कही गई थी। दोनों ही धर्मस्थलों के संचालकों से अतिक्रमण खुद तोड़ लेने को कहा गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने मस्जिद कमेटी को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया था। सोमवार को सुबह एसडीएम डॉ.वंदना मिश्रा, तहसीलदार धीरेंद्र सिंह राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

प्रशासनिक अमले ने अतिक्रमण तोड़ने की तैयारी की तो मस्जिद को कमेटी के लोगों ने खुद ही मजदूरों के जरिये तुड़वाना शुरू किया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह तो काफी वक्त लगेगा और परेशानी भी होगी जिसके बाद बुलडोजर से सड़क में आ रही मस्जिद के हिस्से को तोड़ने का काम शुरू हो गया। बुलडोजर ने आगे की तरफ के हिस्से को ध्वस्त कर दिया। चूंकि मस्जिद परिसर में आ रही मजार के भी सड़क में आने की बात थी तो तय किया गया कि मजार को ऐसे ही उठाकर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करा दिया जाएगा। इस पर सहमति जताई दी गई।

मंदिर का अतिक्रमण वाला हिस्सा भी तोड़ा गया
लोक निर्माण विभाग की सड़क में आ रहे मंदिर के हिस्से को भी तोड़ने का काम शुरू हो गया। मजदूरों ने आगे की तरफ बाउंड्री को तोड़ना शुरू किया। दोपहर में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार भी मौके पर पहुंच गए। मामला धर्मस्थलों से जुड़ा था, इसलिए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता से काम लिया। एसडीएम डॉ.वंदना मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों पैमाइश करने पर पाया गया था कि मस्जिद और दरगाह पूरा हिस्सा सड़क में आ रहा है और दूसरी तरफ मंदिर का आंशिक हिस्सा भी आ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा नोटिस भेजा गया था जिसके बाद आज कार्रवाई हुई है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

सम्मान समारोह : सीएम योगी ने अनुदेशकों को सौंपा चेक, कहा- प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना समाज और देश की जिम्मेदारी
अखिलेश यादव का आरोप- भाजपा सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को 'अनर्थ-व्यवस्था' में बदला
सीएम योगी के हाथों चेक पाकर भावुक हुए अनुदेशक, बोले- वर्षों बाद सरकार ने दिया सम्मान, अब 17 हजार मानदेय से मिलेगी राहत
'ऑपरेशन-4' : दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने तैयार किया डेरी 'मास्टर प्लान', स्वदेशी गाय पालन पर 50 फीसदी तक सब्सिडी
अनुदेशक सम्मान समारोह : मंत्री सतीश शर्मा बोले- योगी सरकार में बेसिक शिक्षा में हुए क्रांतिकारी परिवर्तन...