राजधानी में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार: केजीएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर और एमबीबीएस छात्र सहित आठ संक्रमित

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। 24 घंटे में केजीएमयू के रेजिडेंट डॉक्टर और एमबीबीएस छात्र सहित आठ कोरोना संक्रमित मिले। इनमें तीन महिलाएं हैं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
केजीएमयू के गायनी ऑन्कोलॉजी विभाग की सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर की रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई है। सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर को बीते शुक्रवार से बुखार, सर्दी-जुकाम, बदन दर्द जैसे लक्षण थे। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद वह गृह जनपद लखीमपुर खीरी चली गईं। केजीएमयू के एमबीबीएस थर्ड ईयर स्टूडेंट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। प्रवक्ता डॉ. सुधीर सिंह ने बताया कि दोनों मरीजों के लक्षण बेहद हल्के हैं। दोनों की तबीयत स्थिर बनी हुई है। आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। दवाओं के साथ जरूरी एहतियात बरतने की भी सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस छात्र हॉस्टल में रहता है। उसे आइसोलेट कर दिया गया है।
इंदिरा नगर के मयूर विहार कॉलोनी के 61 साल के बुजुर्ग मरीज की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बुजुर्ग की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। उन्हें दिल की गंभीर परेशानी है। कोरोनरी आर्टरी में 50 फीसदी ब्लॉकेज है। फिलहाल वह होम आइसोलेशन में हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है। इसके अलावा 33 वर्षीय महिला रक्षा खंड उद्यान, कल्याणपुर के केशव विहार निवासी 42 वर्षीय पुरुष, 66 वर्षीय पुरुष शारदा नगर, 30 वर्षीय महिला चौक, 30 वर्षीय महिला महानगर, 35 वर्षीय पुरुष सरोजिनी नगर, 29 वर्षीय पुरुष चौक निवासी हैं। सभी मरीज घर पर ही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी कर रही है।