भदोही: पति बना हैवान! दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को सिगरेट से जलाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भदोही। भदोही में शादी के दो दिन बाद से दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता को उसका पति अक्सर सिगरेट से जलाता था तथा उसके ससुर और उसकी जेठानी भी उससे मारपीट करते थे। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि इस मामले में नवविवाहिता पिंकी सरोज (24) द्वारा बृहस्पतिवार को दी गई तहरीर के आधार पर उसके पति सावन चौधरी, ससुर ललित नारायण चौधरी और जेठानी आरती के खिलाफ महिला थाने में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। 

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गोपीगंज निवासी पिंकी सरोज की शादी ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के मर्चवार गांव के सावन चौधरी से पांच मई, 2024 को हुई शादी थी और शादी के दो दिन बाद पति ने पिंकी से मायके से 50,000 रुपये, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन लाने को कहा। 

मांगलिक के मुताबिक, पिंकी का कहना है की पति ने शादी के बाद उससे एक बार भी शारीरिक संबंध नहीं बनाया और दहेज की मांग करते हुए वह सिगरेट से उसके शरीर पर जगह-जगह जलाता था। पिंकी का यह भी आरोप है कि ससुर और जेठानी उसे मारते-पीटते थे। 

अभिमन्यु मांगलिक ने बताया की महिला पुलिस कर्मियों से मिली जानकारी और पिंकी सरोज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द से जल्द सभी आरोपियों को पकड़ कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। 

संबंधित समाचार