शाहजहांपुर: नदी में मछली का शिकार करने गया युवक बना मगरमच्छ का निवाला
निगोही, अमृत विचार। गर्रा नदी में शनिवार दोपहर मछली पकड़ने गए ग्रामीण को मगरमच्छ ने निगल लिया। घटना की जानकारी साथ में मछली पकड़ रहे रिश्ते के भतीजे ने परिवार वालों को दी। इससे परिजन रोते-बिलखते नदी किनारे पहुंच गए। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर तीन थानों का पुलिस फोर्स पहुंच गया और वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। मगरमच्छ को पकड़ने के प्रयास वनविभाग की टीम कर रही है।
क्षेत्र के गांव कपेड़ कटका निवासी महिपाल (50) गांव के ही रहने वाले रिश्ते के भतीजे गुड्डू (30) पुत्र रामसरन के साथ शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे घर से चार किलोमीटर दूर गर्रा नदी में मछली पकड़ने जाने के लिए निकल गए। नदी में जाल डालकर दोनों मछली पकड़ रहे थे, तभी नदी में तैर रहा मगरमच्छ आ गया। उसने गुड्डू का निवाला बनाने के लिए उस पर हमला किया, तभी महिपाल ने मगरमच्छ से गुड्डू को बचाने के लिए एक तरफ धक्का दे दिया, इतने में मगरमच्छ और नजदीक आ गया, जब तक दोनों लोग नदी से बाहर निकलते, तब तक मगरमच्छ ने महिपाल को निगल लिया।
इसी बीच गुड्डू नदी से निकल कर शोर मचाते हुए गांव पहुंचा और परिवार व गांव के लोगों को जानकारी दी। इससे गांव में हड़कंप मच गया। जिसने भी घटना के बारे में सुना वही नदी की ओर दौड़ चला। कुछ ही देर में घटना स्थल पर नदी के दोनों किनारों पर भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर निगोही, तिलहर, सदर थाने की पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
मगरमच्छ नदी के बीच में कुंडा में बैठा हुआ था, कभी वह पानी में ऊपर आ जाता तो कभी नीचे बैठ जाता था। जानकारी मिलने पर तहसील तिलहर और सदर की राजस्व टीम भी मौके पर पहुंच गई। मगरमच्छ को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे थे, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।
