बदायूं: सड़क हादसे में महिला की मौत...रात भर शव कुचलकर गुजरते रहे वाहन
रविवार रात बरेली-मथुरा राजमार्ग पर थाना बिनावर क्षेत्र में हुआ था हादसा
बदायूं, अमृत विचार। बरेली-मथुरा राजमार्ग पर थाना बिनावर क्षेत्र में किसी वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। राजमार्ग पर वाहन रात भर शव को कुचलकर गुजरते रहे। सोमवार सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को बटोरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। वह मानसिक मंदित बताई जा रही है।
हादसा रविवार रात राजमार्ग के बिनावर क्षेत्र स्थित गांव ढकिया के मंदिर के पास हुआ। किसी वाहन ने महिला को टक्कर मारी और भाग गया। किसी ने भी हादसा नहीं देखा। जिसके चलते महिला का शव रात भर राजमार्ग पर ही पड़ा रहा। रात भर वाहन राजमार्ग से गुजरते रहे। जिसके चलते शव के चीथड़े हो गए थे। सोमवार सुबह लोग राजमार्ग से गुजरे तो महिला का शव पूरी तरह से कुचला और कपड़े देखकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। महिला के शव के चीथड़े बटोरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्रामीणों ने कपड़े देखकर पुलिस को बताया कि महिला मानसिक मंदित थी। जो गांवों में मांगकर खाती थी। वह अक्सर ही राजमार्ग पर देखी जाती थी। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थे। शव बुरी तरह से कुचल गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ग्रामीणों के अनुसार महिला मानसिक मंदित थी। आगे की जांच की जा रही है।
