बदायूं में हनीमून से पहले प्रेमी साथ भागी नई दुल्हन...सोनम को याद कर दूल्हा मना रहा खैर
बदायूं, अमृत विचार। होने वाली और हो चुकी पत्नियों की बेवफाई के किस्से इन दिनों आम है। इंदौर की सोनम, मेरठ की मुस्कान, बलिया की माया और रामपुर की गुलफशा के बाद अब बदायूं की नई दुल्हन दगाबाज निकली। शादी के महज चंद दिन बाद लड़की प्रेमी के साथ फरार हो गई। राहत भरी बात ये है कि नया-नया घोड़ी चढ़ा दूल्हा शुक्र मना रहा है कि हनीमून पर जाने से पहले दुल्हन का राज खुल गया। वरना उसका हश्र भी इंदौर के राजा रघुवंशी की तरह हो सकता था।
10 दिन बाद प्रेमी साथ भागी दुल्हन
मामला यूपी के बदायूं जिले का है, जहां नई दुल्हन दस दिन बाद अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। बिसौली थाना क्षेत्र के मौसमपुर गांव निवासी 23 साल के सुनील की शादी 17 मई को 20 वर्षीय युवती से हुई थी। लड़की शादी बाद नौ दिन तक ससुराल में रही और फिर अपने मायके चली गई। लेकिन वापस लौटने के बजाय वह 10 दिन बाद अपने कथित प्रेमी (22) के साथ भाग गई। सुनील ने हाल ही में पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला उस वक्त सामने आया जब सोमवार को दुल्हन ने थाने में जाकर अधिकारियों और परिवार के सदस्यों के सामने कहा कि वह अब अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है।
हनीमून पर जाने वाले थे नैनीताल
लड़की के इस बयान के बाद स्थानीय बिसौली पुलिस के अधिकारियों ने दोनों परिवारों के बीच समझौता कराया और आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। शादी के दौरान उपहार में दिए गए आभूषण और घरेलू सामान वापस कर दिया गया। एक अधिकारी के मुताबिक दोनों पक्षों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। मीडिया से बातचीत में दूल्हे सुनील ने बताया वह अपनी पत्नी को हनीमून के लिए नैनीताल ले जाने वाला था। मगर वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है तो उसे दिक्कत नहीं। बल्कि उसे राहत मिली की कम से कम उसका हाल इंदौर के राजा रघुवंशी जैसा नहीं हुआ।
दूल्हा बोला, मेरी जिंदगी बर्बाद होने से बची
सुनील ने कहा कि अब हम तीनों खुश हैं, युवती को उसका प्यार मिल गया है और मेरी जिंदगी बर्बाद होने से बच गई। वहीं थाने में मौजूद दूल्हे की भाभी राधा ने कहा, वह हमारे साथ महज आठ दिन ही रही। उसके जाने के बाद, वह उसी गांव के अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। हमने सिर्फ अपने उपहार वापस मांगे और अब मामला सुलझ गया है। बिसौली थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने समझौते की पुष्टि की और कहा कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है।
कानूनी कार्रवाई से दोनों पक्षों का इन्कार
थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह के मुताबिक दुल्हन ने जोर देकर कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। सभी सामान का आदान-प्रदान और दस्तावेज़ तैयार होने के बाद, वह उसके साथ थाने से चली गई। दूल्हे का परिवार घर लौट आया। आगे कोई कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध नहीं किया गया है।
नए दूल्हों में फैला है सोनम नाम का खौफ
नए दूल्हों में इन दिनों सोनम नाम का खौफ है। दरअसल इंदौर के एक व्यवसायी राजा रघुवंशी की 23 मई को मेघालय में हनीमून के दौरान हत्या कर दी गई थी। उसकी पत्नी सोनम, उसके कथित प्रेमी और तीन भाड़े के हत्यारों को बाद में हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
