बदायूं: पहाड़ों से आने वाला पानी बढ़ा रहा गंगा का जलस्तर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से पहाड़ों और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश का पानी गंगा में पहुंच रहा है। इससे गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। बाढ़ खंड ने आशंका व्यक्त की है कि अगले दो दिन में और जलस्तर बढ़ सकता है। वहीं कछला पुल के आसपास लोगों को आगाह किया है। गंगा में न जाने की हिदायत दी गई है।

बारिश के दिनों में गंगा का जलस्तर प्रतिदिन बढ़ता है। पिछले कई दिनों से जगह-जगह बारिश हो रही है। पहाड़ों पर भी बारिश हो रही है। पहाड़ों का पानी तेजी से नीचे आ रहा है, जो गंगा की धार में सामहित हो रहा है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों का पानी भी गंगा में पहुंच रहा है। इससे गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। हालांकि अभी मानसून की बारिश ने रफ्तार नहीं पकड़ी है। यदि मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी तो गंगा में जल्द ही उफान आ जाएगा। बाढ़ खंड ने आशंका व्यक्त की है कि जिस तरह जगह जगह और पहाड़ों पर बारिश हो रही है उससे जल्द ही गंगा में पानी बढ़ने की संभावना है। 

बाढ़ खंड के अनुसार अभी नरौरा व हरिद्वार से आठ से नौ हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है जिससे कोई खतरा नहीं है। बाढ़ खंड ने जल स्तर बढ़ने की आशंका व्यक्त करने के बाद कछला गंगा किनारे से दुकानदारों को हटा दिया है। कुछ दुकानदारों ने स्वयं ही अपनी दुकान समेट ली हैं। गंगा की पूरी तलहटी खाली कर दी है। यदि ऊपर से किसी समय पानी छोड़ा जाता है तो किसी तरह की क्षति नहीं होगी। कछला पुल के दोनों ओर लोगों को आगाह कर दिया गया है और गंगा में न जाने की हिदायत दी गई है।

सहायक अभियंता बाढ़ खंड नेशपाल ने बताया कि बाढ़ खंड ने जनपद के सभी आठों तटबंधों को दुरूस्त कर दिया है। बांध पर जल्द ही सुरक्षा चौकियां बना दी जाएंगी। इससे बारिश और बाढ़ के समय स्थानीय लोगों को खतरे से आगाह कर सकें। बाढ़ चौकियों पर विभागीय कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। दो चौकियों पर कर्मचारी तैनात कर दिए गए हैं।

 

संबंधित समाचार