नाइजर: हथियारबंद लोगों ने की 34 सैनिकों की हत्या, 14 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डकार। माली और बुर्किना फासो से लगी सीमा के पास पश्चिमी नाइजर में सशस्त्र लोगों ने 34 सैनिकों की हत्या कर दी और 14 अन्य को घायल कर दिया। रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह हमला बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे बानीबांगौ में हुआ। हमलावर आठ वाहनों और 200 से अधिक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। 

सरकार ने कहा कि सुरक्षाबलों ने दर्जनों हमलावरों को मार गिराया है। अन्य हमलावरों को खोजने के लिए जमीन और हवा से तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। नाइजर और इसके पड़ोसी देशों बुर्किना फासो एवं माली में एक दशक से अधिक समय से जिहादी समूह हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिनमें अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से संबद्ध कुछ समूह भी शामिल हैं। 

हाल के वर्षों में तीनों देशों में सैन्य तख्तापलट के बाद, सत्तारूढ़ जुंटा ने फ्रांसीसी सेना को खदेड़ दिया और सुरक्षा व्यवस्था के लिए रूस के भाड़े के लड़ाकों की ओर रुख किया है। तीनों देशों ने एक नया सुरक्षा गठजोड़ ‘साहेल राष्ट्रों का गठबंधन’ स्थापित करके अपने सहयोग को मजबूत करने का संकल्प जताया है। 

हालांकि विश्लेषकों का कहना है कि सहारा रेगिस्तान के किनारे बसे विशाल क्षेत्र साहेल में सुरक्षा की स्थिति, जुंटा के सत्ता में आने के बाद से काफी खराब हो गई है, जहां इस्लामी आतंकियों और सरकारी सैन्य बलों द्वारा रिकॉर्ड संख्या में हमले किए गए हैं और नागरिक मारे गए हैं।  

संबंधित समाचार