International Yoga Day 2025: योग को लेकर लोगों में दिखा उत्साह, मुख्तार अब्बास नकवी, DM और SP ने रामपुरवासियों के साथ किया योगाभ्यास

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रामपुर, अमृत विचार: रामपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों में योग के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर के कई हिस्सों में योग शिविरों का आयोजन हुआ, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास किया। चेतना योग संस्था द्वारा रोशन बाग पार्क में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में नकवी रिक्शा से पहुंचे, जिसे भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार चला रहे थे। इस कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों ने योगासनों का अभ्यास किया। इसके अतिरिक्त, पुलिस लाइन में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों व स्थानीय निवासियों के साथ योग किया। रजा लाइब्रेरी में भी निदेशक डॉ. पुष्कर मिश्र के मार्गदर्शन में एक योग कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें स्कूली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

2025 (8)

मानवता के लिए आध्यात्मिक और शारीरिक स्वास्थ्य का आधार है योग- नकवी

पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि योग, "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया" के संदेश के साथ, "वन अर्थ, वन हेल्थ" के लक्ष्य को साकार करने वाली आध्यात्मिक शक्ति है। यह प्राचीन भारतीय परंपरा विश्व की सेहत के लिए एक अनमोल उपहार साबित हो रही है। नकवी ने कहा कि हजारों वर्ष पुरानी योग की विरासत को महर्षि पतंजलि ने मानव कल्याण के लिए समर्पित किया था, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। आज विश्वभर में योग को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। 

2025 (9)

नकवी ने योग को सामाजिक सद्भाव और समरसता का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह सभी धर्मों, जातियों और समुदायों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने योग को किसी धर्म या समुदाय तक सीमित न करने की अपील करते हुए कहा कि यह शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य की कुंजी है। कुछ लोगों द्वारा योग को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर तंज कसते हुए नकवी ने कहा कि जो लोग योग को मजहब या संप्रदाय से जोड़कर विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी मानसिक अशांति का समाधान भी योग में ही निहित है। 

2025 (10)

योग शिविर के समापन पर नकवी ने रोशन बाग पार्क में नीम का पौधा रोपा। इसके बाद उन्होंने भाजपा नेता अवधेश शर्मा के पिता के निधन पर उनके ज्वाला नगर स्थित आवास पर जाकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार, नगर विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ेः International Yoga Day 2025: 'सिडनी ओपेरा हाउस की सीढ़ियां हों या एवरेस्ट पर्वत...', PM मोदी ने दुनिया को दिया योग का खास संदेश

संबंधित समाचार