औरैया : सोते वक्त किशोरी का अपहरण कर दुराचार, पिता की तहरीर पर दर्ज हुई एफआईआर
बहन की ससुराल आया था आरोपी, सीओ ने गांव पहुंचकर पीड़िता से तहकीकात की
औरैया, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर सो रही किशोरी को एक युवक ने अगवा करने के बाद दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी पीड़िता को अपने साथ ले गया और फिर दुबारा दुराचार किया। आरोपी युवक अपनी बहन की ससुराल आया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद गांव के दो परिवारों के बीच तनाव की स्थिति है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने बुधवार को अयाना थाने में पुलिस को तहरीर दी। उसने बताया कि 23 जून की रात उसकी 15 वर्षीय बेटी घर के बाहर चारपाई डालकर सो रही थी। परिवार के बाकी सदस्य बरामदा में सो रहे थे। रात करीब बजे अपनी बहन की ससुराल आए कानपुर देहात जनपद के सिकंदरा थाना क्षेत्र के मूढ़ादेव गांव निवासी अनिल उसकी बेटी को अगवा कर गांव के बाहर ले गया और बेटी के साथ दुष्कर्म किया। बेटी के विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी।
दुष्कर्म करने के बाद आरोपी बेटी को अपने गांव मूढ़ादेव ले गया। वहां आरोपी ने अपने सूने मकान का ताला तोड़ा और फिर बेटी को वहां बंधक बनाकर दोबारा दुष्कर्म किया। सुबह बेटी के गायब होने पर खोजबीन शुरू की। उधर, रात से गायब आरोपी अनिल की बहन और उसके एक रिश्तेदार ने आशंका के आधार पर छानबीन शुरू की। वे लोग मूढ़ादेव गांव पहुंचे, जहां से बेटी को साथ गांव ले आए। इसके बाद पीड़िता के परिजनों को जानकारी दी।
पीड़िता के पिता ने गांव के एक युवक को आरोपी की बहन के घर भेजकर बेटी को बुलवाया। घर आने पर बेटी ने अपनी आपबीती सुनाई। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर अजीतमल सीओ एमपी सिंह, थानाध्यक्ष अजय कुमार ने गांव पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण कर दुष्कर्म करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
नेवी जवान के खिलाफ छात्रा से दुष्कर्म का मुकदमा
रावतपुर क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाली छात्रा का शारीरिक शोषण करने वाले नेवी जवान के खिलाफ फजलगंज पुलिस ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है।
कानपुर देहात में रहने वाली युवती ने बताया कि रावतपुर क्षेत्र में रहकर वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। आरोप है कि उसके बड़े भाई का दोस्त विजय सिंह भाऊपुर के चंपतपुर गांव का रहने वाला है। वह अक्सर उसके घर आता-जाता था। भाई की गैरमौजूदगी में आकर उससे नजदीकियां बढ़ाई। मोबाइल नंबर लेकर बातचीत करने लगा।
एक दिन बहाने से फजलगंज के चार खंभा कुआ के पास होटल में मिलने बुलाया और नशीला जूस पिलाकर उससे दुष्कर्म किया। विरोध जताते ने पर शादी का झांसा देकर उससे कई बार शारीरिक शोषण किया। अश्लील फोटो व वीडियो बना ली थी, जिससे वायरल करने की धमकी दी। ढाई माह बाद पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी स्वरूप नगर इंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी जवान के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:- फर्रुखाबाद : भाजपा सरकार ने सड़क,बिजली बेच दी,जल्द पूरे देश के संसाधन को बेच देगी: अखिलेश यादव
