ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव: भाजपा की बंपर जीत, टीआरएस बड़ी पार्टी बनकर उभरी
हैदराबाद। तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस शुक्रवार को 150 वार्ड वाले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के चुनाव में 55 वार्डों में जीत दर्ज कर अकेली सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। भाजपा को 48 वार्ड और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को 44 वार्डों में जीत हासिल हुई। कांग्रेस सिर्फ दो वार्डों में जीत दर्ज …
हैदराबाद। तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस शुक्रवार को 150 वार्ड वाले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के चुनाव में 55 वार्डों में जीत दर्ज कर अकेली सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। भाजपा को 48 वार्ड और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को 44 वार्डों में जीत हासिल हुई। कांग्रेस सिर्फ दो वार्डों में जीत दर्ज कर सकी।
चुनाव 150 वार्डों के लिए हुआ था, लेकिन परिणाम केवल 149 वार्डों के घोषित किए गए क्योंकि उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार एक वार्ड में मतगणना रोक दी गई थी। चुनाव में टीआरएस ने सभी 150 सीटों पर जबकि भाजपा ने 149 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। वहीं कांग्रेस ने 146, एआईएमआईएम ने 51, तथा तेदेपा ने 106 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था।
बीजेपी की जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि तेलंगाना की जनता ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया। तेलंगाना की जनता का आभार।
भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव ने पार्टी के प्रदर्शन को ”नैतिक जीत” बताते हुए कहा कि भगवा पार्टी तेलंगाना में टीआरएस की ”एकमात्र विकल्प” के रूप में उभरी है। यह पूछे जाने पर कि 2022 में होने वाले तेलंगाना विधानसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में वह स्थानीय चुनाव परिणाम को किस तरह से देखते हैं, उन्होंने कहा, ”भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ टीआरएस की एकमात्र विकल्प और उसकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी के तौर पर उभरी है। ”
