प्रयागराज में विशेष श्रेणी का शीघ्र खुलेगा नया अस्पताल : ब्रजेश पाठक
प्रयागराज, अमृत विचार। संगम नगरी प्रयागराज पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि महाकुंभ के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई थी जिसमें यह तय हुआ था कि प्रयागराज में एक विशेष श्रेणी का नया अस्पताल खोलेंगे। यह पीजीआई नहीं होगा, लेकिन उसी स्तर की चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। नया अस्पताल खोलने के लिए नगर निगम को नोडल बनाया गया है। इसके लिए जल्द ही प्रस्ताव लेकर जनता के सामने आएंगे।
सूबे के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के रिक्त पद भरे जाने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि अभी 21,00 डॉक्टरों के रिक्त पदों का विज्ञापन जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि हाल में ही 532 चिकित्सकों को राजकीय सेवा में लिया गया है। उन्होंने कहा है मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल में भी रिक्त पदों को जल्द भरा जाए इसके भी निर्देश दिए जा रहे हैं।
यह बातें प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आज सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान कही। कांग्रेस और सपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी वास्तव में लोकतंत्र और संविधान का गला घोंटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने सत्ता और कुर्सी की भूख के लिए हमेशा संविधान को दरकिनार करने का काम किया है। कांग्रेस सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन भाजपा ने हमेशा राष्ट्र प्रथम को सर्वोच्च स्थान प्रदान करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के समय जनसंघ ने अपने दल को समाप्त करते हुए जनता दल में विलय कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा व्यक्तिवादी और सत्ता की भूख मिटाने के लिए काम करती है। उन्होंने कहा है कि यूपी में कांग्रेस की पिछलग्गू सपा से भी लोगों को सवाल पूछना चाहिए। इमरजेंसी के समय लोकनायक जयप्रकाश नारायण कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ थे, लेकिन आज सत्ता के लालच में अखिलेश यादव का मुंह बंद है।
उन्होंने कहा है कि यूपी में जब सपा की सरकार थी हत्या, लूट,डकैती और बलात्कार की घटनाएं बढ़ जाती थी। सपा ने हमेशा संविधान और कानून को ध्वस्त करने का काम किया है। और कांग्रेस पार्टी ने देश में इमरजेंसी लगाने का काम किया था। पूरे देश की जनता इसे जानती है।
11 जुलाई से सावन माह में शुरू होने जा रही कावड़ यात्रा को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा है कि यूपी सरकार सभी नागरिकों की स्वतंत्रता के साथ उनकी भावनाओं का पूरा ध्यान रखती है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि जब हम किसी पूजा पाठ के स्थान पर जाते हैं तो वहां मांसाहार का भोजन नहीं करते हैं। ऐसी स्थिति में अगर कावड़ यात्रा रूटों पर कहीं पर खुले में मांस बिकता है या खून टपकता है इसे कतई उचित नहीं ठहराया जा सकता है। उन्होंने कहा है कि कई ऐसी व्यवस्थाएं हैं जिनकी हम परंपरा के मुताबिक पालन करते हैं। उन्होंने कहा है कि कावड़ यात्रा के दौरान भी सरकार लोगों की भावनाओं का सम्मान करेगी और किसी की भावना को ठेस ना पहुंचे उसके अनुसार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि कांवड़ियों की सुख सुविधाओं का ध्यान रखते हुए सरकार कार्य योजना सुनिश्चित करेगी।
इटावा में कथावाचक के साथ मारपीट की घटना को तूल दिए जाने के मामले में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि सपा के कृत्यों को सभी जानते हैं। सपा हमेशा कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनने का काम करती है लेकिन बीजेपी सरकार कानून का पालन करेगी। उन्होंने कहा है कि हम कानून को मेंटेन करेंगे।
2027 को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा है कि भाजपा 365 दिन 24 घंटे जनता के बीच काम करती है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याण योजनाओं ने जनता का दिल जीतने का काम किया है। उन्होंने कहा है कि आप लोग भी यह तुलना कर सकते हैं कि 2017 से पहले यूपी के क्या हालात थे और आज किस तरह से हालात बदल गए हैं। यूपी आज लॉ एंड ऑर्डर और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में पूरे देश में नंबर वन पर है। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के माध्यम से हमारे उत्पाद पूरे देश और दुनिया में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा है कि लोगों का मानना है कि उत्तर प्रदेश पूरे राष्ट्र में जल्द नंबर वन पर आ जाएगा। उन्होंने कहा है कि बीजेपी यूपी को नंबर वन राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह हमारी जिम्मेदारी है। जनता की उम्मीद पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा पूरी तरह से खरा उतारने का काम करेगी।
इसके पूर्व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का सर्किट हाउस में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुना के अध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डा वीके सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डा शैलेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : टेंडर पाम के डॉक्टरों का कमाल, बिना चीरफाड़ ऐसे बदल दिया दिल का वाल्व
