लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो की 22 फ्लाइटें रद्द... लौट रहे यात्री, परिसर में काउंटर पर घटने लगी कतार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार: इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों के रद्द होने का सिलसिला छठे दिन भी जारी रहा। सोमवार को राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों को आने-जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की 22 फ्लाइटें रद्द रहीं। लेकिन रोज की अपेक्षा लखनऊ एयरपोर्ट के इंडिगो एयरलाइंस काउंटर पर आज कतार कम दिखी। परिसर में भी लोगों की भीड़ कम दिखी।

सोमवार को भी एयरपोर्ट पर पहुंचे कई यात्री परेशान नजर आए। वह इंडिगो एयरलाइंस के प्रति काफी नाराज दिखे। उनका कहना था कि उन्हें विमान कैंसिल होने की ऑनलाइन कोई जानकारी नहीं दी गई। अब उन्हें मंगलवार या बुधवार का समय दिया गया है। अब यहां होटल में किराए पर ठहरना पड़ेगा। इससे उनका खर्च बढ़ेगा।

-एयरपोर्ट पर मौजूद लखनऊ की राधिका अवस्थी ने बताया कि वह मॉरीशस जा रही हैं, लेकिन उनकी फ्लाइट कैंसिल है। जबकि बेंगलुरु से आगे की फ्लाइट कंफर्म दिख रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर इंडिगो एयरलाइंस वाले कुछ नहीं बता रहे हैं।

-इसी तरह बेंगलुरु के अंजुम पाशा ने बताया कि वह पिछले 5 दिनों से यहां फंसे हुए हैं। उन्हें इंडिगो एयरलाइंस द्वारा कोई जानकारी नहीं दी जा रही। होटल में किराए पर रुके हैं, उसका पैसा बेवजह देना पड़ रहा है।

-इसी तरह दुबई जाने वाले गोरखपुर के सुनील ने बताया कि उन्हें पहले कोई जानकारी नहीं दी गई। जब वह लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे तब इंडिगो काउंटर पर बताया गया कि उनकी अहमदाबाद की फ्लाइट कैंसिल है। उन्होंने बताया कि यहां से अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद से उन्हें दुबई जाना था।

ये उड़ाने रहीं रद्द

सोमवार को भी इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानें रद्द रहीं। मुंबई से बीती रात 12:35 बजे लखनऊ आने वाली 6ई 5254, पुणे से सुबह 6 बजे लखनऊ आने वाली 6ई 338, बेंगलुरु से सुबह 9:45 बजे लखनऊ पहुंचने वाली 6ई 6353, दिल्ली से शाम 5:45 बजे लखनऊ आने वाली 6ई 2159, अहमदाबाद से शाम 5:50 बजे लखनऊ आने वाली 6ई 935 और गुवाहाटी से देर शाम 7:25 बजे लखनऊ आने वाली 6ई 6552 और लखनऊ से शाम 4:50 बजे बेंगलुरु जाने वाली 6ई 435, शाम 6:30 बजे अहमदाबाद जाने वाली 6ई 6968, शाम 7:20 बजे दिल्ली जाने वाली 6ई 6615, रात 8:30 बजे चंडीगढ़ जाने वाली 6ई 6552, रात 8:45 बजे बेंगलुरु जाने वाली 6ई 5354, रात 9:40 बजे मुंबई जाने वाली 6ई 5201 और रात 9:55 बजे हैदराबाद जाने वाली 6ई 6166 सहित लखनऊ आने जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की 22 उड़ानें रद्द रहीं।

ये भी पढ़े : 
लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल बनकर तैयार, अटल बिहारी बाजपेई की जयंती पर PM मोदी करेंगे लोकार्पण 

 

संबंधित समाचार