बदायूं: सिंचाई करके लौट रहे किसान की कार की टक्कर से मौत
इस्लामनगर, अमृत विचार। फसल की सिंचाई करके पैदल घर लौट रहे किसान को ईको कार ने टक्कर मार दी। किसान घायल हो गया। परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव पिवारी निवासी मूलचंद (45) पुत्र गंगाराम की शादी नहीं हुई थी। वह अपने छोटे भाई के साथ रहते थे। उनके घर पर ही खाते थे। रविवार को वह अपनी धान की पौध की सिचाई करने खेत पर गए थे। जहां से वह पैदल ही घर आ रहे थे। रात 9 बजे रास्ते में वहीपुर गांव के पास तेज रफ्तार से आई ईको कार ने उन्हें टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर उनके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।
घायल को रुदायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां मूलचंद ने परिजनों से बात भी की थी। चिकित्सक ने इलाज शुरू किया था लेकिन सोमवार सुबह लगभग पांच बजे घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कार की तलाश शुरू की है। परिजन की तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
