शाहजाहंपुर: घर में घुसे चोरों ने बुजुर्ग को गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
थाना क्षेत्र के गांव राजे रायपुर का मामला, लाखों के जेवर कर ले गए चोरी
मिर्जापुर/परौर, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव राजे रायपुर में घर में घुसे चोरों ने सोते समय बुजुर्ग की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी सहित सामान लेकर फरार हो गए। इसकी जानकारी गांव वालों को तब हुई जब किसान खेत में एक बक्सा खेत में पड़ा देखा। इसमें एक बैनामे पर मृतक का फोटो देखकर उसके स्वजनों को जानकारी दी। उसके परिजनों ने जब घर जाकर देखा तो बुजुर्ग के गले में गमछा कसा था और उसे रस्सी से चारपाई में कसकर बंधा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी पवन कुमार सिंह ने बताया कि ताऊ जयवीर सिंह (64) का विवाह नहीं हुआ था। वह अपने मकान में अलग रहते थे। खाना उनके पास खाते थे। शनिवार की रात को लगभग आठ बजे वह ताऊ जयवीर सिंह को खाना देने के बाद अपने घर चला आया था। इसी बीच रात में चोरों ने ताऊ के घर में घुसकर चारपाई पर सोते समय उनके गले में गमछा व रस्सी बांध कर चारपाई से बांध दिया। इससे उनकी मौत हो गई। चोरों ने ताऊ के घर के कमरे के ताले तोड़ने के बाद कमरे के अंदर रखे बक्सों के भी ताले तोड़ दिए और घर में रखे दो सोने के हार, झुमकी एक अंगूठी, चांदी की एक जोड़ी पायजेब और पांच लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह लगभग नौ बजे गांव के ही उसके पड़ोस के ही रामकुमार अपने खेत से ककड़ी तोड़ने के लिए गये थे।
तब उन्होंने मुकेश के खेत में खड़े चारे के बीच एक बक्सा पड़ा देखा। इसके आसपास सामान भी बिखरा पड़ा था। जब पास जाकर उन्होंने देखा तो एक बैनामे के कागज पर मृतक जयवीर सिंह का फोटो लगा देखकर उन्होंने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। मृतक के स्वजनों ने घर पर जाकर देखा तो जयवीर सिंह का शव चारपाई पर पड़ा था। गले में गमछा तथा रस्सी के फंदे सहित चारपाई से बंधा था। सूचना देने पर थानाध्यक्ष सोनी शुक्ला तथा फोरेंसिक टीम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और घटना स्थल पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि जयवीर ब्याज पर पैसा देने का काम करते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह तीन भाई थे। मृतक अपने भतीजे पवन पुत्र चुन्नू सिंह के घर पर खाना खाता था और शाम को अपने घर पर आकर सो जाता था। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
बाग में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका
निगोही थाना क्षेत्र के गांव ऊनकला निवासी कृष्णपाल 10 जून को मजदूरी करने के लिए नानकमत्ता गया था। पत्नी 35 वर्षीय भगवान श्री व पांच बच्चे घर पर थे। उसका मकान नहर के किनारे बना हुआ है। रविवार की रात वह बच्चों को लेकर रात में सोने के लिए चली गई। बच्चों की चाची सोमवती कुछ दूरी पर रहती है। सोमवार सुबह आठ बजे बच्चे सोकर उठे तो देखा कि मम्मी घर पर नहीं है। भगवान श्री के बड़े बेटे नागेश ने चाची के घर पर करीब 9 बजे गया और कहा कि मम्मी पता नहीं कहा चली गई। परिवार और गांव वालों ने दिन में 11 बजे भगवान श्री की तलाश की।उसका शव गांव से करीब सवा सौ मीटर रजाउद्दीन के बाग में पड़ा मिला। उसके मुंह से खून निकल रहा था और शरीर में कुछ जगह चोट के निशान थे। मृतका व्लाउस और पेटीकोट पहने हुए थी। पति दोपहर बाद नानकमता से अपने घर पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और बच्चों और परिवार वालों से जानकारी की। मृतका के पति ने हत्या की आशंका जताई है।
फोरेसिंक टीम ने मौके पर जाकर जांच करके नमूने लिए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। निगोही पुलिस महिला के शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराएगी। पोस्टमार्टम हाउस उसकी वीडियो ग्राफी बनायी जाएगी और स्लाइड बनायी जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
घर के बाहर एक पायल मिली
भगवान श्री के घर के बाहर एक झोपड़ी भी पड़ी है। उसका बड़ा बेटा नागेश सोकर उठा तो देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। उसने सोचा कि मम्मी कहीं गयी हुई होगी। वह 9 बजे तक घर नहीं आई तो चाची सोमवती को बताया था। घर के बाहर एक टूटी हुई पायल पड़ी थी और एक पायल पहने हुए थे। मकान के अंदर आटा फैला हुआ था।
सीओ सदर प्रयांग जैन ने बताया कि एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बाग में मिला है। पोस्टमार्टम पैनल से कराया जाएगा। परिवार वालों की तरफ से तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
ये भी पढ़ें-शाहजहांपुर: मालगाड़ी का टूटा था कुंडा, डिब्बा जांच को जगादरी जाएगा
