नेपालगंज का रेस्टोरेंट मालिक देता था धमकी, घर भेजता था गुंडे

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

चौक कपड़ा कारोबारी परिवार के खुदकुशी के मामले में सामने आये दो और वीडियो, तीनों के खुदकुशी के मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

लखनऊ, अमृत विचार : चौक के अशरफाबाद निवासी कपड़ा कारोबारी शोभित रस्तोगी, उसकी पत्नी सुचिता और बेटी ख्याति के खुदकुशी के मामले में पुलिस के हाथ दो और वीडियो लगे हैं। इसमें पति-पत्नी ने साफ कहा कि नेपालगंज के रेस्टोरेंट संचालक अतुल गुप्ता उनको लगातार धमकी दे रहा था। घर रुपये वसूलने के लिए गुंडे भेजता था। पुलिस के मुताबिक दोनों वीडियो शोभित के मोबाइल से मिले हैं और सुसाइड के पहले बनाए गये हैं। एक वीडियो 3.06 मिनट और दूसरा 3.45 मिनट का है। दोनों वीडियो में नेपालगंज के अतुल गुप्ता, विवेक सिद्धार्थ और मुदिता रस्तोगा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वीडियो में अतुल को मुख्य साजिश कर्ता बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक 3 मिनट 45 सेकेंड के वीडियो में शोभित ने कहा कि 2016 से उसे और परिवार को परेशान किया जा रहा है। उनको धमकाकर लगातार रुपये मांगे जा रहे हैं। सास को मारने की बात कहकर नेपालगंज निवासी अतुल गुप्ता उनको धमकाता है। अतुल का नेपालगंज में लिटिल हंगर नाम से रेस्टोरेंट हैं। शोभित ने वीडियो में कहा कि अतुल का साथ साढू विवेक और साली मुदिता देते हैं। सास को कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन नहीं मानी। आंख का आपरेशन कराने के लिए लखनऊ आई थी। तो साथ रहने के लिए भी कहा, बोली जेवर मामा के पास है। कोई दिक्कत नहीं है। विरोध किया तो उनको व सुचिता को जान से मारने की धमकी दे रहे। परिवार के पीछे अतुल व विवेक ने साजिश रचते हुए गुंडे भी लगा रखे हैं। लगातार धमकी देकर अतुल और विवेक उनसे रकम वसूल रहे हैं।

कनपटी पर सटा दी थी पिस्टल : शोभित ने वीडियो में कहा कि विवेक ने साजिश रचकर प्रापर्टी को 2021 में बच्चों के नाम करवा ली। सास ने भी इसकी जानकारी नहीं दी। जब वहां पहुंचे तो विवेक के साथी अतुल ने पिस्टल लगाकर धमकाया कि जिस तरह तुम्हारें ससुर को मारा, साले गौरव को अगवा किया था। यह सुनकर वह डर गया।

सुचिता बोली बेच दिये सारे जेवर : सुचिता ने तीन मिनट छह सेकेंड का वीडियो बनाया। जिसमें उसने कहा कि मां की जान बचानी थी। इसके लिए रकम देते रहे। रुपये देने के लिए सारे जेवर तक बेच दिये। कुछ दिनों पहले सात लाख की डिमांड की। सारी चांदी बेचकर वह रकम दी। इसकी जानकारी बहन को दी। लेकिन उसने न तो कॉल किया और न ही कभी बात की। मम्मी को फोन किया, लेकिन वह उठा नहीं रहे। कुक्की (मुदिता) जीजी ने कान भर रखे हैं। घर भी नहीं आने देती है। वीडियो में कहा कि अतुल अपने लड़कों नेपालगंज से घर व दुकान पर भेज देता था। कई बार मना किया लेकिन मानने को तैयार नहीं थे। कहीं भी जाते थे तो उनको जानकारी रहती थी। कोई लगातार पीछा कर रहा था।

साढू ने हड़पे 22 लाख नकद और ढाई करोड़ की संपत्ति : पुलिस की जांच में सामने आया कि शोभित ने अपने साढू विवेक सिद्धार्थ और मुदिता को नकद, आरटीजीएस और आनलाइन ट्रांजेक्शन से करीब 22 लाख रुपये दिए थे। शोभित ने यह रुपये बैंक से लोन लेकर दिया था। विवेक और उसकी पत्नी ने इन रुपयों के अलावा ससुराल से मिलने वाली ढाई करोड़ की प्रापर्टी भी हड़प ली थी। बैंक कर्मी और लोग उससे तगादा कर रहे थे। इससे वह बेहद आहत होकर उसने पत्नी और बेटी समेत जान दे दी थी।

मकान, दुकान और जमीन की कीमत ढाई करोड़ : इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय के मुताबिक शोभित की ससुराल नेपाल के नेपालगंज त्रिभुवन चौक में एक दुकान थी। उसकी कीमत 60 लाख रुपये थी। यह दुकान विवेक सिद्धार्थ ने अपने बड़े बेटे के नाम सास-ससुर से करा ली थी। इसके अलावा एक प्लाट और अन्य प्रापर्टी करीब एक करोड़ रुपये की बेची थी। इसमें शोभित का हिस्सा था। हाल ही में सास से करीब एक करोड़ रुपये कीमत का मकान भी ले लिया था। इस किसी भी प्रापर्टी में शोभित को हिस्सा नहीं मिला था। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। जो भी आरोपी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:- आजम खान मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 15 जुलाई तक अंतिम आदेश पर रोक

 

संबंधित समाचार