लखीमपुर खीरी : जमीन विवाद में बोलेरो से टक्कर मारकर की बाइक सवार अधेड़ की हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

घटना के बाद अनियंत्रित बोलेरो खेत में पलटी, पुलिस मान रही हादसा, छानबीन शुरू

बेहजम, अमृत विचार: घर से बाइक लेकर नीमगांव आ रहे थाना नीमगांव के गांव तिगोडवा निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र की बाइक में हमलावरों ने बोलेरो से टक्कर मार दी। घटना के बाद बोलेरो भी अनियंत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार राजेंद्र की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे आनन-फानन में घायल बताकर एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस इसे महज हादसा मान रही है, लेकिन परिजन जमीनी विवाद में हत्या होने का दावा करते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

गांव तिगोडवा निवासी राजेंद्र के तीन बेटे महेंद्र कुमार, बबलू और राहुल पंजाब में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। तीनों बेटे वर्तमान समय में पंजाब में है। वह अपनी पत्नी व अविवाहित बेटी सोनी के साथ रहते थे। परिवार वालों ने बताया कि राजेंद्र का गांव के ही जगदीश प्रसाद से जमीन को लेकर काफी पुराना विवाद चला आ रहा है। शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे राजेंद्र किसी काम से नीमगांव जाने के लिए बाइक से घर से निकले थे। नीमगांव कस्बे में पेट्रोल पंप के पास पहले से एक बोलेरो खड़ी थी। बताते हैं कि जैसे ही राजेंद्र बाइक लेकर किसान इंटार कॉलेज के पीछे पहुंचा। तभी पेट्रोल पंप पर खड़ी बोलेरो ने सामने से आकर उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि घायल राजेंद्र ने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने उसकी पीटकर हत्या कर दी। उधर टक्कर मारकर भागने के दौरान बोलेरो अनियंत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई।

घटना के बाद तमाम लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पीआरबी ने राजेंद्र की सांस चलती देख उसे आनन-फानन में एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल भेजा। बताते हैं कि जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। मृतक की बेटी सोनी ने बताया कि आरोपियों ने उसके पिता की जमीन जोत ली थी। उसमें लगी गन्ने की फसल भी काट ले गए थे। इतना ही नहीं उसकी जगह में ही घूरा भी डालने लगे थे। पिता लड़ाई झगड़ा करने की बजाय कानून का सहारा ले रहे थे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ जितेंद्र कुमार परिहार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार वालों और आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी ली। 

बाइकों से भी रेकी कर रहे थे हत्यारोपी 
मृतक के परिवार वालों ने बताया कि राजेंद्र के घर से निकलने के पहले से ही आरोपी पक्ष के कुछ लोग बाइकों से उनके घर के आसपास रेकी करते देखे गए थे, लेकिन किसी को यह आभास नहीं था कि आरोपी राजेंद्र की हत्या कर देंगे। राजेंद्र जब घर से कस्बा नीमगांव के लिए अपनी बाइक से निकले। तभ भी उनके पीछे से आरोपियों के परिजन बाइक से रेकी करते हुए देखे गए। जिस बोलेरो से टक्कर मारकर हत्या की गई। वह बोलेरो सुबह 7:30 बजे से नीमगांव कस्बे में पेट्रोल पंप के पास खड़ी थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने सुबह से राजेंद्र की रेकी की और सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया। 

प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रहा है। हादसे की सूचना पर पीआरबी मौके परगई थी। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हुई है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस हत्या के बिंदु पर भी अपनी जांच कर रही है। -आलोक धीमान प्रभारी निरीक्षक थाना नीमगांव।

ये भी पढ़ें - Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ के शेषनाग आधार शिविर में अचेत हुए उत्तर प्रदेश के तीर्थयात्री, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

संबंधित समाचार