संभल: मौत की बरात...कॉलेज की दीवार में घुसी बोलेरो, दूल्हे समेत आठ की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं-मेरठ हाईवे पर जुनावई में हुआ हादसा, बिल्सी को जा रही थी बरात

संभल, अमृत विचार। संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम भीषण हादसा हुआ। बरात की बोलेरो कार अनियंत्रित होकर पलटने के बाद इंटर कॉलेज की दीवार में जा घुसी। हादसे में दूल्हा सहित आठ लोगों की मौत हो गई। घायल हुए दो लोगों को सीएचसी जुनावई से हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे के चलते शादी की खुशियां भी गम में तब्दील हो गईं।

जुनावई थाना क्षेत्र के गांव हरगोविंदपुर निवासी सुखराम के बेटे सूरज की बरात शुक्रवार शाम बदायूं जिले की बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव सिरतौल के लिए रवाना हुई थी। बोलेरो में दूल्हे सूरज सहित 10 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो की रफ्तार तेज थी। जैसे ही बोलेरो बदायूं-मेरठ हाईवे पर जुनावई में जनता इंटर कॉलेज के पास पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर मार्ग पर पलटकर कॉलेज की दीवार में जा घुसी। जिससे बोलेरो में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। 

आसपास के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में दूल्हे सूरज पाल उसकी बहन कोमल, चाची आशा , चचेरी बहन एश्वर्या , चचेरे मामा सचिन, सचिन की पत्नी मधु, ममेरा गणेश, पिता देवा, गांव निवासी चालक रवि की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को को अलीगढ़ में भर्ती कराया गया. हादसे की जानकारी मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया।

 मौके पर पहुंचीं एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने दूल्हे सहित 5 की मौत की पुष्टि की। कहा कि चार लोगों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। दूल्हे सहित पांच की मौत की सूचना मिलने पर वर-वधू के परिवारों में कोहराम मच गया। सिरतौल गांव में शादी की तैयारियां धरी रह गईं। वहां खुशी की जगह मातम का माहौल पसर गया।

 

संबंधित समाचार