Lucknow News: मोहर्रम ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही को डंडे से पीटा, आरोपी पति गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। मोहर्रम ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही पर नींबू पार्क के पास पति ने शुक्रवार रात जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, हत्या का प्रयास, धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरदोई के बेनीगंज का निवासी अभिषेक सिंह है। आरोपी की सिपाही पत्नी की ड्यूटी शुक्रवार को नींबू पार्क में लगी थी। तभी रात में ड्यूटी के दौरान अभिषेक वहां पहुंच गया। उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर आरोपी पीड़ित सिपाही का हाथ पकड़कर खींचकर ले जाते हुए ड्यूटी में व्यवधान डालने की कोशिश करने लगा।

सिपाही के विरोध पर आरोपी ने उस पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गयी। साथी पुलिसकर्मी मदद के लिए दौड़े तो आरोपी वहां से भाग निकला। आनन-फानन में घायल सिपाही को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गयी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गयी। शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

संबंधित समाचार