शाहजहांपुर: गला दबाकर बड़े भाई की हत्या करने के दोषी को उम्रकैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। छोटे भाई ने गुस्से में बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। यह घटना खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव बरौरा की है। अब इस जघन्य अपराध में अदालत ने दोषी अजय उर्फ दीवान सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

यह मामला 28 अक्टूबर 2020 की रात करीब 10 बजे का है। मृतक रमनपाल सिंह अपने घर में भोजन कर रहा था, तभी उसका छोटा भाई अजय उर्फ दीवान सिंह, जो पिछले 20 वर्षों से गांव में अपने रिश्तेदार धर्मपाल सिंह के घर रह रहा था, वहां पहुंचा। अजय ने आते ही रमनपाल से गाली-गलौज शुरू कर दी, जो हाथापाई में बदल गई। मां मायादेवी ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन असफल रहीं और वह गांव में रहने वाली बेटी को बुलाने चली गईं। जब वह लौटीं, तो देखा कि रमन की लाश चारपाई पर पड़ी थी और अजय दरवाजे पर खड़ा था। उन्हें यकीन हो गया कि अजय ने गला दबाकर रमन की हत्या कर दी है। 

मृतक की संदिग्ध मौत की सूचना 29 अक्टूबर को ग्राम चौकीदार प्रभुदयाल ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद 1 नवंबर को मायादेवी की तहरीर पर अजय उर्फ दीवान सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के बाद अभियुक्त अजय के खिलाफ चार्जशीट अदालत में दाखिल की। मुकदमे की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम अभय प्रताप सिंह की अदालत में हुई। गवाहों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कोर्ट ने अजय को दोषी ठहराया और उसे आजीवन कारावास तथा अन्य धाराओं में सजा सुनाई।

 

संबंधित समाचार