बदायूं: कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य गुणवत्ता जांच को गठित हुई 7 टीमें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। सावन मास की कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सहूलियत और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों में बनाए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए सात विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें दो शिफ्टों में 24 घंटे सक्रिय रहेंगी और किसी भी तरह की लापरवाही पर संबंधित शिविर को मार्ग से हटाने और संचालक पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

शंकर को समर्पित सावन मास में लाखों की संख्या में श्रद्धालु कछला गंगा घाट पर कांवड़ भरने के लिए आते हैं। कछला गंगा घाट पर राजस्थान, मध्य प्रदेश प्रांतों के साथ बरेली, पीलीभीत, चंदौसी, मुरादाबाद सहित आसपास के अन्य जिलों के श्रद्धालु जल भरने के लिए जुटते हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा और सहुलियत के प्रशासन द्वारा बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। खाद्य आयुक्त द्वितीय सी. एल. यादव ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर समाजसेवियों के शिविरों में खाद्य गुणवत्ता की सघन जांच की जाएगी। सात टीमें गठित की गई हैं जो 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। यदि खाद्य पदार्थ गुणवत्ताहीन पाए जाते हैं तो शिविर हटाया जाएगा और संचालक पर कार्रवाई की जाएगी।

खराब गुणवत्ता पर सख्त कार्रवाई
यदि किसी शिविर में भोजन की गुणवत्ता खराब पाई गई, तो उस शिविर को तुरंत हटाया जाएगा और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने दुकानदारों, होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को साफ-सफाई और शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही रेट लिस्ट और खाद्य लाइसेंस को अनिवार्य रूप से चस्पा करने के आदेश भी दिए गए हैं।

कांवड़ियों की सेवा को लगते हैं दर्जनों शिविर
कछला से बदायूं शहर तक दर्जनों शिविर समाजसेवी संस्थाओं द्वारा लगाए जाते हैं। इन शिविरों में श्रद्धालुओं के ठहरने, जलपान और विश्राम की व्यवस्था होती है। अब तक 50 से अधिक शिविरों के लिए आवेदन सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में पहुंच चुके हैं, जिन पर विचार कर अनुमति दी जाएगी।

दुकानों पर रेट लिस्ट और लाइसेंस अनिवार्य
खाद्य विभाग ने कांवड़ मार्ग पर मौजूद ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट को निर्देशित किया है कि वे खाद्य सुरक्षा विभाग से प्राप्त लाइसेंस और वस्तुओं की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से चस्पा करें। इस व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए टीमें सोमवार से सक्रिय हो जाएंगी।

 

 

संबंधित समाचार