लखीमपुर खीरी: मोहर्रम के जुलूस के दौरान बड़ागांव में बवाल, जमकर पथराव और तोड़फोड़
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना शारदानगर के बड़ागांव में जुलूस के दौरान भारी बवाल हो गया। बड़ागांव में रविवार शाम को मोहर्रम जुलूस के दौरान सफेद पाउडर फेंकने को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि जुलूस में शामिल शरारती तत्वों ने जमकर पथराव किया। इससे कुछ घरों में टीन शेड, सोलर पैनल और चूल्हा टूट गया।
विवाद के बीच ईंट लगने से एक पुलिसकर्मी के भी मामूली रूप से चोटिल हुआ है। सूचना पाकर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर अश्वनी कुमार और सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया। बवाल के बाद गांव में हालात काफी तनावपूर्ण हैं। हालांकि पुलिस ने इसे मामूली कहासुनी बता मामला शांत बताया है।
गांव निवासी जमुनादीन और पंकज, भारत प्रसाद ने बताया कि रविवार दोपहर बाद संसुरी गांव का ताजिया जुलूस बड़ागांव में पहुंचा। घर के करीब ताजिया रख काफी देर जुलूस में शामिल लोग मातम, पटाखा और सफेद पाउडर उड़ाते रहे। जुलूस में शामिल किसी शरारती तत्वों ने गांव के सियाराम और जमुनादीन के घर पाउडर फेंक दिया। इससे जमुनादीन के बेटे पंकज से कहासुनी हो गई। आरोप है कि जुलूस के बीच से करीब छह लोग पंकज से मारपीट करने लगे।
घर वालों ने लड़ाई होते देख विरोध किया। इससे वहां पत्थरबाजी शुरू हो गई। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं, बच्चे दहशत में छिप गए। काफी देर तक बवाल चला। मौके पर मौजूद शारदा नगर थाने के सिपाही पहले तो मूकदर्शक बने रहे, लेकिन जब बवाल अधिक बढ़ गया तो वह हरकत में आए। पत्थर बाजी के दौरान सिर में किसी सिपाही के भी मामूली चोट लगी है। हालांकि पुलिस इससे इंकार कर रही है।
विवाद की सूचना पर एसडीएम सदर अश्वनी सिंह, सीओ सदर रमेश तिवारी समेत कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। बताते हैं कि बड़ागांव में तजिए के चौक को लेकर कई वर्षों से विवाद था। प्रशासन के समझौता करने से अब ताजिया चौक से उठकर सीधे चौराहा पर और कर्बला ले जाए जाते हैं।
रविवार को माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से ताजिया गांव में काफी देर रखा और पाउडर उड़ाया, जो विवाद की जड़ बना। एसडीएम ने बताया कि पाउडर फेंकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। कोई चोटिल नहीं है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामला अब बिल्कुल शांत है। उधर, प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमारी मौर्य ने बताया कि कोई विवाद नहीं हुआ। कुछ लोगों की मामूली शरारत थी। पुलिस के रहते कोई मामला कैसे बिगड़ सकता है।
