बरेली में महामारी अधिनियम में पहली बार दर्ज हुई दंत चिकित्सक पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। संक्रमित होने के बावजूद रामपुर गार्डन के दंत चिकित्सक ने अपनी क्लीनिक पर मरीज देखे। पूरे मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की गयी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच में दंत चिकित्सक संक्रमित निकले। मामले में गंभीर लापरवाही मानते हुये दंत चिकित्सक के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत …

बरेली, अमृत विचार। संक्रमित होने के बावजूद रामपुर गार्डन के दंत चिकित्सक ने अपनी क्लीनिक पर मरीज देखे। पूरे मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की गयी। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम की जांच में दंत चिकित्सक संक्रमित निकले। मामले में गंभीर लापरवाही मानते हुये दंत चिकित्सक के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत जिला सर्विलांस अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज करायी है।

बरेली में चिकित्सक के खिलाफ महामारी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज होने का यह पहला मामला है। बताते हैं कि एफआईआर होने के बाद दंत चिकित्सक क्लीनिक बंद कर गायब हो गये हैं।

शहर के प्रभा सिनेमा के सामने डा. एमबी गौतम दंत क्लीनिक चलाते हैं। चिकित्सक ने कुछ दिन पहले एक निजी लैब में अपनी कोरोना जांच कराई थी। जिसमें वह पॉजिटिव निकले। संक्रमित होने की बात दंत चिकित्सक ने अपने स्टाफ से भी छिपाई।

बीते शुक्रवार को पीलीभीत बाईपास निवासी एक मरीज दांत में दर्द की शिकायत लेकर डा. एमबी गौतम की क्लीनिक पहुंचे। मरीज को देखते हुए डा. एमबी गौतम ने बातचीत के दौरान यह कह दिया कि वह कोरोना संक्रमित हैं। यह सुनकर मरीज चौंक गये। तब चिकित्सक ने कहा कि परेशान न हो, सब ठीक है।

इसके बाद मरीज जैसे ही अस्पताल के बाहर निकला तो उसने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। इस पर जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने अपनी टीम क्लीनिक पर भेजी। टीम ने चिकित्सक का एंटीजन टेस्ट किया। जांच में चिकित्सक संक्रमित निकले। इसके चलते उनका क्लीनिक सील करा दिया गया।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रंजन गौतम ने कोतवाली में चिकित्सक के विरुद्ध तहरीर सौंपी। इसमें उन्होंने कहा था कि संक्रमित होने पर डाक्टर द्वारा जानबूझकर मरीजों को देखा जा रहा था जोकि घोर लापरवाही को दर्शाता है। पुलिस ने महामारी अधिनियम समेत दो अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

संबंधित समाचार