बदायूं: लोगों के खोले फर्जी एकाउंट...पुलिस ने पकड़ा आरोपी
बदायूं, अमृत विचार। साइबर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट, धोखाधड़ी समेत विभिन्न मामलों के वांछित उझानी क्षेत्र के गांव पलिया पुख्ता निवासी रामगोपाल पुत्र रामपाल को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना प्रभारी विनोद कुमार वर्धन ने टीम के साथ उसे बरेली मार्ग स्थित ढाबा से पकड़ा।
उसके पास से मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में रामगोपाल ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसकी मुलाकात अपने गांव के अंकित तोमर और सौरभ तोमर से हुई थी। उन्होंने बताया कि अगर वह लोग किसी व्यक्ति का फर्जी खाता खोलकर देते हैं तो 1500 रुपये मिलते हैं। जिसके बाद रामगोपाल ने अपने गांव के रोहित की आईडी व पैन कार्ड से बैंक में खाता खोलने के लिए मर्चेंट एकाउंट ऑनलाइन खोला।
जिसके बाद वह अंकित और सौरभ के साथ मिलकर क्षेत्र के सीधे लोगों को शिकार बनाते थे। वह लोगों से योजनाओं के नाम पर उनके आधार कार्ड की छायाप्रति लेकर अपनी आईडी से फिनो बैंक में एकाउंट खोलते थे। लोगों के अंगूठे के फिंगर प्रिंट लेते थे। उनका मोबाइल नंबर भी अटैच करते थे। ओटीपी लेकर एप्रूवल देते थे। अभी तक रामगोपाल ने फर्जी तरीके से 30 एकाउंट खोले हैं। जिनपर दिल्ली पंजाब, हरियाणा आदि में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं।
