लखीमपुर खीरी: चार प्रभारी निरीक्षक समेत 11 दरोगा बदले, एसओ हैदराबाद गए लाइन
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। एसपी संकल्प शर्मा ने बुधवार देर शाम चार प्रभारी निरीक्षकों समेत 11 दरोगाओं के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया है, जबकि एसओ हैदराबाद को पुलिस लाइन भेजा है। दूसरे जोन के लिए पूर्व में स्थानांतरित हुए प्रभारी निरीक्षक तिकुनिया अमित सिंह भदौरिया और ईसानगर प्रभारी निरीक्षक को हटाकर पुलिस लाइन भेजा है।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि थाना खीरी के प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार उपाध्याय को इसी पद पर थाना पढ़ुवा भेजा है। वाचक पुलिस अधीक्षक इंस्पेक्टर गोपाल नारायण अब थाना भीरा के प्रभारी निरीक्षक होंगे। पढ़ुवा प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा को कोतवाली तिकुनिया और प्रभारी निरीक्षक चंदन चौकी मनोज कुमार को इसी पद पर थाना शारदा नगर भेजा है। एसओ मैलानी निराला तिवारी को थाना खीरी, थाना भीरा एसओ सुनील मलिक को थाना हैदराबाद, एसओ बृजेश कुमार सिंह को शारदा नगर से थाना मैलानी के एसओ पद पर भेजा है।
पुलिस लाइन में प्रतीक्षारत दरोगा दृगपाल सिंह चंदन चौकी के एसओ बनाए गए हैं। कोतवाली गोला के एसआई निर्मल तिवारी अब थाना ईसानगर के एसओ होंगे। प्रभारी निरीक्षक ईसानगर देवेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक तिकुनिया अमित सिंह भदौरिया और एसओ हैदराबाद प्रवीर गौतम को पुलिस लाइन भेजा है।
