बदायूं: वर्कशॉप में लगी आग, एम्बुलेंस समेत चार वाहन जले, तीन लोग झुलसे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिसौली, अमृत विचार। गाड़ियों की वर्कशॉप में रविवार शाम अचानक आग लग गई। आग ने विकराल रूप ले लिया। जिससे एम्बुलेंस समेत चार वाहन जलकर राख हो गए। एक के बाद एक भीषण धमाकों के साथ गाड़ियों के फ्यूल टैंक फटे तो वहां अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर हालात पर काबू पाने की कोशिश की। तकरीबन एक घंटे के बाद अग्निशमन के वाहन पहुंचे। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में वर्कशॉप मालिक समेत तीन लोग झुलस गए।

हादसा बिसौली से बिल्सी मार्ग पर हुआ। कस्बा के मोहल्ला कौवाटोला निवासी अरशद गैराज संचालक है। रजा कार वर्कशॉप के नाम से उसका गैराज है। रविवार शाम छह बजे एक निजी एंबुलेंस में आई खराबी को अरशद समेत उसके सहयोगी दूर कर रहे थे। इसी दौरान एंबुलेंस से पेट्रोल लीक हो गया। इसी दौरान किसी तरह आग लग गई। इससे पहले वह लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया। लपटें एंबुलेंस के फ्यूल टैंक तक पहुंचीं और धमाके के साथ टैंक फट गया। वहीं एम्बुलेंस में रखे तीन छोटे और एक बड़ा सिलेंडर भी फट गया। इससे आग फैल गई और पास खड़ी एक बैगनार, स्विफ्ट डिजायर व लोजो गाड़ियों तक आग पहुंची। आग बुझाने की कोशिश में अरशद, बिलाल, अल्फाइज झुलस गए। घटना के समय आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी बीच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पहले लोगों की भीड़ को हटाया। झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अल्फाइज की हालत नाजुक है।

रास्ते में रोके गए वाहन
घटना के समय एसपी देहात डॉ. केके सरोज, बिसौली कोतवाल हरेंद्र सिंह, एसओ फैजगंज बेहटा रामेंद्र सिंह मौके पर जा पहुंचे। कोतवाल हरेंद्र सिंह ने आग बुझाने में सहयोग किया। वह फायर बिग्रेड का पाइप लेकर आग बुझा रहे थे। अधिकारियों ने आनन-फानन में इस रूट पर ट्रैफिक को रुकवा दिया। साथ ही भीड़ को घटनास्थल से दूर किया। वहीं झुलसे हुए लोगों को पुलिस की एक टीम अस्पताल ले गई। इस हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है।

 

संबंधित समाचार