गुस्से में आकर मार डाला... पति की हत्या के बाद पत्नी ने पांच फुट का गड्ढा खोदा कर दफनाया शव, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गुवाहाटी। असम के गुवाहाटी में एक महिला ने शराबी पति से हुए झगड़े के बाद कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और घर में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला ने रविवार को जालुकबारी पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया और अपने पति की हत्या की बात कबूल कर ली। महिला का पति कबाड़ का कारोबार करता था। 

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला ने बताया कि 26 जून की रात को हुए झगड़े में उसने अपने पति की हत्या कर दी थी। उसने दावा किया कि वह बहुत ज़्यादा नशे में था और गुस्से में आकर उसने (महिला) उसे (पति) मार डाला।’’ उन्होंने बताया, ‘‘महिला ने खुद ही अपने घर के परिसर में चार से पांच फुट का गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया।’’ 

अधिकारी ने बताया कि महिला के पति के शव को शहर के पांडु इलाके में स्थित उसके घर से निकाला गया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें शक है कि हत्या में और भी लोग शामिल थे, क्योंकि महिला ने खुद गड्ढा खोदकर शव नहीं दफनाया होगा। हमारे पास कुछ सुराग हैं और हम उन पर काम कर रहे हैं।’’ 

अधिकारी ने बताया कि महिला ने हत्या की बात तब स्वीकार की, जब उसके देवर ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने शुरू में परिवार और पड़ोसियों को बताया था कि उसका पति काम के लिए केरल गया है। इसके बाद वह खुद छिप गई थी। 

संबंधित समाचार