लखीमपुर खीरी: 36 परीक्षा केंद्रों पर 14784 अभ्यर्थी देंगे आरओ, एआरओ की परीक्षा
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। 27 जुलाई को आयोजित होने वाली उप्र लोक सेवा आयोग की आरओ, एआरओ की परीक्षा जिले में 36 परीक्षा केंद्रों पर होगी। जिसमें 14784 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सोमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट के अटल सभागार में आरओ-एआरओ परीक्षा संपन्न कराने को लेकर बैठक की।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी एक अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर की गई छोटी से छोटी चूक भी अक्षम्य मानी जाएगी। स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं की भलीभांति जांच कर लें। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरा, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी व सीटिंग प्लान के अनुरूप बैठाने जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा की गाइड लाइन को अच्छी तरह पढ़ें। ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। हर अभ्यर्थी की आईडी जांचना अनिवार्य होगा और परीक्षा नियमों का एक भी उल्लंघन पूरी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में ला सकता है।
सभी अधिकारी पूर्वाभ्यास के तौर पर केंद्रों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर करें। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एएसपी पवन गौतम ने कहा कि इस परीक्षा पर पुलिस की भी पैनी नजर रहेगी। स्पेशल सेल एक्टिव रहेगा। इसलिए इन परीक्षाओं की संवेदनशीलता को समझते हुए कोई भी किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगा।
एडीएम और समन्वयी पर्यवेक्षक ने साझा की जरूरी जानकारियां
बैठक की शुरुआत में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर और समाप्ति तक के सभी बिंदुओं के बारे में बैठक में शामिल सभी को अवगत कराया। अफसरों को परीक्षा में उनके उत्तरदायित्व बताए। आयोग से नामित समन्वयी पर्यवेक्षक दिनेश पांडेय ने परीक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी देकर संबंधित को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। बैठक में डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
