बदायूं: रंग लाई आत्मदाह की चेतावनी...जिला प्रशासन को झुकना पड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। रास्ते से अवैध कब्जा नहीं हटाए जाने से आहत भाकियू नेता ने एक अगस्त को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी, जिससे जिला प्रशासन में खलबली मच गई। तहसील प्रशासन ने आनन फानन गांव पहुंच कर रास्ते की पैमाइश कराई और अवैध कब्जा हटवाया। भाकियू नेता ने कहा है जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो जाता तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।

तहसील बिल्सी के ग्राम हैदराबाद में मंदिर को जाने वाले एक किमी कच्चे रास्ते पर गांव के ही दबंगों का कब्जा है। कब्जा हटवाने को गांव के सैकड़ों लोग तहसील दिवस और थाना दिवस में शिकायती पत्र दे चुके हैं। जिलाधिकारी को पत्र दिया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। जिससे परेशान ग्रामीण सेवाराम 5 जुलाई को मालवीय आवास गृह पर भूख हड़ताल पर बैठ गया। 

सेवाराम 18 दिन से भूख हड़ताल पर बैठा है। उसके गांव के दर्जनों लोग भूख हड़ताल स्थल पर मौजूद रहते हैं। इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने भी भूख हड़ताल को समर्थन दे दिया है जिससे भाकियू टिकैत गुट के मंडल उपाध्यक्ष चौ. सौदान सिंह व अन्य किसान नेता कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं। किसान नेता जिला व तहसील प्रशासन से प्रतिदिन बात कर रहे हैं और समस्या का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं, मगर जिला प्रशासन किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है।

 जिला प्रशासन की हठधर्मिता से आहत किसान नेता मंडल उपाध्यक्ष चौ. सौदान सिंह ने 21 जुलाई को भूख हड़ताल स्थल पर सीधी जिला प्रशासन को चेतावनी दी यदि 31 जुलाई को रास्ते से अवैध कब्जा नहीं हटाया जाता है तो एक अगस्त को वह आत्मदाह कर लेंगे। किसान नेता नेता ने आत्मदाह की सूचना जिला प्रशासन को भी दी। आत्मदाह की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में खलबली मच गई। तहसील प्रशासन ने झुकते हुए गांव में पैमाइश कराने को टीम बना दी। टीम ने बुधवार को गांव पहुंच कर कच्चे रास्ते की पैमाइश की। तहसील प्रशासन ने कब्जा हटवाते हुए रास्ता पूरा खोल दिया। चकरोड को करीब दो मीटर और चौड़ा किया गया है।

तहसील प्रशासन ने कच्चे रास्ते की पैमाइश कर मिट्टी खोद कर फीता डाल कर रास्ते को नापते हुए आसपास के किसानों को हिदायत दी, यदि अवैध कब्जा किया गया तो कार्रवाई की जाएगी। किसान नेता चौ. सौदान सिंह ने बताया कि तहसील प्रशासन ने कच्चे रास्ते की पैमाइश कर दी है। लेकिन जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो जाता तब तक वह अपने फैसले पर कायम है। जिस दिन सड़क का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा उस दिन भूख हड़ताल खत्म कर दिया जाएगा।

अवैध कब्जे के विरोध में मुढ़ारी के किसान का धरना जारी
तहसील सहसवान के ग्राम मुढ़ारी निवासी किसान अमर सिंह की जमीन पर गांव के ही दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। अवैध कब्जे से परेशान अमर सिंह पांच दिन से मालवीय आवास गृह पर धरने पर बैठा है। भाकियू के एक गुट ने धरने को समर्थन देते हुए कहा है कि जिला प्रशासन जब तक अमर सिंह की जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटाया है तब तक धरना जारी रहेगा। अमर सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने उसे भगा दिया जिसके बाद परेशान होकर वह धरने पर बैठा है।

 

संबंधित समाचार