मुरादाबाद: बोल बम की गूंज के साथ आस्था के जल से भोलेनाथ का अभिषेक
मुरादाबाद, अमृत विचार। सावन के तीसरे सोमवार को बोल बम, हर हर महादेव की गूंज के बीच आस्था के जल से भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। शिवभक्तों ने अलसुबह से लेकर दोपहर तक गंगाजल से शिव का अभिषेक कर खुद की सुख समृद्धि, कष्ट दूर करने की प्रार्थना के साथ लोक कल्याण की कामना की। मंदिरों में दोपहर तक शिवभक्तों की भीड़ रही।
सावन के तीसरे सोमवार को महानगर के 84 घंटा मंदिर, ढाप वाले मंदिर, आशियाना फेज एक स्थित शिव शक्ति मंदिर, हरथला शिव मंदिर, नया मुरादाबाद स्थित महाकालेश्वर धाम मंदिर व अन्य शिवालयों में भोर से ही शिवभक्तों ने जलाभिषेक करना शुरू कर दिया। हरिद्वार और बृजघाट से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के साथ स्थानीय लोगों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के साथ ही विल्ब पत्र, शमी का पत्ता, दूध, दही, फूल, चंदन, अक्षत, भांग, धतूरा, फल व मिष्ठान चढ़ाकर विधिविधान से पूजा अर्चना किया।
ओम नम: शिवाय का जाप कर शिवभक्तों ने महादेव से सुख समृद्धि, शांति व कल्याण करने की प्रार्थना की। मंदिरों में अंदर संख्या अधिक रहने के कारण बाहर लंबी कतार लगी रही। दोपहर तक कई मंदिरों में पूजा अर्चना का क्रम चला। कई लोगों ने रुद्राभिषेक कराकर परिवार के कल्याण की विनती की। शाम को मंदिरों में भजन कीर्तन कर आरती की गई। पुजारियों ने भक्तों को प्रसाद वितरित कर आशीर्वाद किया।
मंदिरों के बाहर बनाई रंगोली
नगर निगम की ओर से प्रमुख शिवालयों के बाहर रंगोली बनवाई गई। मंदिर के गेट व आसपास चूने का छिड़काव भी कराया गया। तड़के ही निगम के सफाई कर्मचारियों ने शिवालयों व आसपास सफाई कर कूड़ा उठाकर रंगोली बना दी थी।
मंदिर के बाहर खूब बिके बेल पत्र व धतूरा
मंदिर के बाहर व कई जगह परिसर में भी बेल पत्र, भांग, धतूरा, गुलाब व अन्य फूलों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाया गया। जहां से शिवभक्तों ने खरीदारी कर भोलेनाथ को अर्पित कर विधि विधान से पूजा अर्चना की।
