हाईवे किनारे मिला महिला पुलिसकर्मी का शव, झुलसा हुआ था चेहरा, साथी सिपाही से थे संबंध, आईजी ने वारदात के जल्द खुलासे का किया दावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी: अमृत विचार। बाराबंकी में बांदा-बहराइच हाईवे किनारे मंगलवार सुबह एक महिला पुलिसकर्मी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव वर्दी में था, लेकिन अर्द्धनग्न स्थिति और पहचान छुपाने की कोशिशों के चलते वारदात के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। शव 2017 बैच की महिला सिपाही का है। वारदात को अंजाम देने वाले ने मृतका के चेहरे पर तेजाब डालकर उसकी पहचान छिपाने की भी कोशिश की है। एक साथी सिपाही के साथ अवैध संबंधों के चलते हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है।

घटना बांदा बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत मसौली थाना क्षेत्र के बिंदौरा गांव के पास की है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने शव बरामद किया। वर्दी पर लगी नेम प्लेट से नाम का पता चला, लेकिन पीएनओ नंबर नहीं होने के चलते तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी थी। शव के पास पड़ी मृतका की पैंट को पुलिसकर्मियों द्वारा पहनाए जाने की जानकारी भी सामने आई। इसके अलावा शव का चेहरा भी झुलसा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक महिला सिपाही रविवार को रामनगर स्थित महादेव मंदिर में ड्यूटी पर गई थीं, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। मंगलवार सुबह उसका शव हाईवे किनारे मिला। सिपाही मूल रूप से जनपद सुल्तानपुर की रहने वाली थीं और 11 अगस्त 2024 को उनकी तैनाती बाराबंकी के सुबेहा थाना में की गई थी। सूत्रों के अनुसार मृतका ने वर्ष 2024 में बाराबंकी कोतवाली में तैनात सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि बाद में इस मामले में सुलह समझौता हो गया था। वहीं, आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या सोची समझी रणनीति के तहत की गई प्रतीत हो रही है। मृतका के संबंध साथी सिपाही के साथ होने की जानकारी मिल रही है। फॉरेंसिक टीम ने सारे सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस की जांच चल रही है। जल्द ही पूरे मामले को लेकर खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़े : नगर निगम के श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 422.85 रुपये करने की मांग, LMCEU ने महापौर को लिखा पत्र

संबंधित समाचार