मुरादाबाद: गांव में मचा था ड्रोन वाले चोर का शोर...पत्नी की हत्या कर लिया चोरों का नाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र के मलकद्दा गांव में गुरुवार की देर रात लगभग एक बजे ड्रोन वाले चोर के शोर के बीच पति ने अपनी पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पति ने शोर मचा दिया कि चार बदमाश उसके घर में घुसे और पत्नी की हत्या कर भाग गए। शक के घेरे में आए पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल लिया है। बताया कि सहीमा उसकी पहली पत्नी से पैदा बेटी के बारे में बुरा भला कह उन्हें बदनाम कर रही थी।

एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि थाना मझोला के चौधरपुर मलकद्दा निवासी नजरुद्दीन ने छह साल पहले बिहार के शिव हर के चमनपुर चौक निवासी मोहम्मद जुनैल की बेटी सहीमा से दूसरी शादी की थी। नजरुद्दीन की पहली पत्नी से चार बेटे और चार बेटियां हैं। जिसमें दो बेटे और तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सहीमा से भी एक बेटी उमेरा है। नजरुद्दीन के मकान की ऊपरी मंजिल पर नजरुद्दीन की पहली पत्नी के बेटे और बेटी रहती है। 

जबकि नीचे सहीमा और उसकी बेटी उमेरा रहती है। गुरुवार की देर रात तीन बजे नजरुद्दीन ने शोर मचाया कि चार बदमाश उसके घर में आए और पत्नी सहीमा की गला घोंटकर हत्या कर लूटपाट करने के बाद भाग गए। घटना की जानकारी मिलते ही मझोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। पुलिस ने आस पड़ोस के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, लेकिन किसी भी कैमरे में कोई आता जाता दिखाई नहीं दिया। इसकी जानकारी मिलने पर महिला के मायके वाले भी आ गए। उन्होंने पति पर ही शक जताया। इसके बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल लिया। महिला की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।


बेटी को लेकर कर रही थी आपत्तिजनक बातें इसलिए रची साजिश
आरोपी ने बताया कि सहीमा उसकी अविवाहित बेटी को लेकर आपत्तिजनक बातें गांव में फैला रही थी। जिससे उसकी बहुत बदनामी हो रही थी। तब उसने साजिश रची कि गांव में रोज चोर और बदमाश आने का शोर मच रहा है। पत्नी की हत्या कर मैं भी शोर मचा दूंगा कि चोर आए और उसकी पत्नी की हत्या करने के बाद भाग गए।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर सहीमा की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। उसने पूछताछ में हत्या किए जाने की बात कबूल कर ली है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

संबंधित समाचार