शाहजहांपुर: खड़े ट्रक में घुसी बारात से लौट रही कार, तीन की मौत
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर), अमृत विचार। बारात से लौट रही जायलो कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरदोई जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर के पास हुआ। घायलों को इलाज के …
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर), अमृत विचार। बारात से लौट रही जायलो कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हरदोई जिले के शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव उधरनपुर के पास हुआ। घायलों को इलाज के लिए हरदोई ले जाया गया है।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव सैमापुर के सुनील पुत्र रामलड़ैते की बारात रविवार को मलिहाबाद के गांव हसनापुर के लिए गई थी। सोमवार शाम को विदा कराने के बाद बारात वापस आ रही थी। रात करीब साढ़े 11 बजे शाहबाद थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव के पास खड़े पंक्चर ट्रक में जायलो कार टकरा गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार चालक अखिलेश निवासी मोहल्ला बंगशान कटरा, दूल्हे के बहनोई का भाई सुनील निवासी धुबला करीमनगर थाना गढ़ियारंगीन और सैमापुर गांव के जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई। दूल्हे का बहनोई दिनेश, चाचा छोटेलाल, बहनोई का भाई आशीष, पड़ोसी शिवा और जितेंद्र घायल हैं। घायलों को पुलिस ने हरदोई के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं शवों का पोस्टमार्टम हरदोई में कराया जा रहा है। हादसे की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया।
