मायावती ने ट्रंप के कदम को बताया विश्वासघाती, कहा- संसद में हो चर्चा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा को विश्वासघाती बताते हुये बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने इस चुनौती से निपटने के उपायों को लेकर संसद में विस्तृत चर्चा की सलाह केंद्र सरकार को दी है। 

मायावती ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट किया “ ब्रिक्स देश ब्राज़ील की तरह ही भारत पर भी कुल मिलाकर 50 प्रतिशत का भारी भरकम टैरिफ (शुल्क) लगाकर अमेरिका ने जो भारत को आघात पहुंचाने का प्रयास किया है, उसे भारत सरकार ने अपने संयमित बयान में ’अनुचित, अन्यायपूर्ण व अविवेकी’ बताया है, किन्तु देश की जनता डोनाल्ड ट्रम्प का ’मित्र’ देश भारत के प्रति इसे प्रथम दृष्टया विश्वासघाती एवं देश को कमज़ोर करने वाला कदम ज़्यादा मानती है, जिससे निपटने के लिए सभी को पूरी परिपक्वता दिखाते हुये राजनीतिक स्वार्थ, संकीर्णता, मतभेद एवं द्वेष आदि से ऊपर उठकर, दीर्घकालीन रणनीति के तहत्, देश में पूरे अमन-चैन और कानून व्यवस्था के अच्छे माहौल के साथ पूरी मुस्तैदी से कार्य करना ज़रूरी है।” 

उन्होने कहा “ देश के सामने आई इस बड़ी चुनौती पर गंभीर चिन्तन के लिए सम्बंधित विषय पर वर्तमान संसद सत्र में चर्चा हो तो यह जन व देशहित में बेहतर होगा, किन्तु केन्द्र व राज्य सरकारें अगर आन्तरिक संकीर्ण मुद्दों में ही अधिकतर उलझी रहेंगी तो यह कैसे संभव हो पायेगा।” 

बसपा अध्यक्ष ने कहा “ उल्लेखनीय है कि बी.एस.पी. की राजनीति हमेशा से देश के मानवतावादी संविधान की मंशा के मुताबिक ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की रही है, लेकिन देश में केन्द्र व राज्य सरकारों के बीच आपसी अविश्वास के कारण जो राजनीतिक टकराव और खींचतान आदि लगातार बनी हुई है वह अब समाप्त होना चाहिए, यही व्यापक जन व देशहित में है।” 

यह भी पढ़ें:-ED की बड़ी कार्रवाई, निलंबित IAS अभिषेक प्रकाश के करीबी निकांत जैन के ठिकानों पर की छापेमारी

संबंधित समाचार