मुरादाबाद : सीएम के रात्रि विश्राम से उड़ी रही अधिकारियों की नींद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुधवार रात सर्किट हाउस में विश्राम से अधिकारियों की नींद उड़ी रही। देर रात तक अधिकारी सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री की सुरक्षा व अन्य व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। अलसुबह से फिर अधिकारियों ने सर्किट हाउस में डेरा डाल दिया।

मुख्यमंत्री बुधवार की दोपहर बाद मुरादाबाद के सर्किट हाउस पहुंचे थे। उन्होंने कई परियोजनाओं का निरीक्षण और लोकार्पण किया। इसके बाद रात में वह सर्किट हाउस में रुके रहे। मुख्यमंत्री के रात में रुकने से उनकी सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं की चिंता अधिकारियों को थी। सुरक्षा के साथ ही किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए अधिकारियों की सांसें अटकी रहीं। 

जिलाधिकारी अनुज सिंह सहित अन्य सभी अधिकारी इसको लेकर अलर्ट रहे। सर्किट हाउस में हर आने जाने वाले पर नजर रखी गई। मुख्यमंत्री का गुरुवार को संभल में कार्यक्रम था। जिसके चलते वह सुबह 10 बजे तक सर्किट हाउस में रुके रहे। उनसे मिलने के लिए नगर विधायक सहित अन्य जन प्रतिनिधियों का आना जाना चलता रहा। इसके अलावा कुछ संगठनों के लोगों ने भी उनसे मिलकर अपनी बात रखी। सुबह संभल के लिए जब मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सर्किट हाउस से उड़ गया, तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

 

संबंधित समाचार